भारत सरकार (Indian Government) ने हाल ही में चर्चित गेम PUBG Mobile समेत 118 विदेशी ऐप्स पर बैन लगाने का ऐलान किया है और इसके बाद लाखों यूजर्स PUBG के विकल्प के तौर पर अन्य दूसरे गेम्स की तलाश कर रहे हैं। इस बीच अब बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार (Akshay Kumar) की ओर से पहला मेड-इन-इंडिया बैटल रॉयल गेम FAU-G का ऐलान किया गया है। यानी कि PUBG बैन के चलते अब लोगों को परेशान होने की जरूरत नहीं है, अब वे आत्मनिर्भर भारत अभियान (AtmaNirbhar Movement) का समर्थन करते हुए नया गेम FAU-G का मजा लेंगे।
FAU-G गेम की खास बात यह है कि गेम से होने वाली कमाई का एक हिस्सा भारत के वीर (Bharat Ke Veer) ट्रस्ट (Veer Trust) को दिया जाएगा। वीर ट्रस्ट भारत के बहादुरों को श्रद्धांजलि और समर्थन देता है। इस ट्रस्ट को गृह मंत्रालय ने गठित किया है। अक्षय ने अपने ट्विटर अकाउंट पर PUBG को टक्कर देने वाले ऐक्शन गेम FAU-G के बारे में ट्वीट कर जानकारी दी है। उन्होंने बताया है कि इस गेम से होने वाली कमाई का 20 फीसदी हिस्सा भारत के वीर ट्रस्ट को दान किया जाएगा।
Akshay Kumar ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर नए गेम का ऐलान करते हुए एक ट्वीट कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर अभियान का सपोर्ट करते हुए मैं एक ऐक्शन गेम Fearless And United-Guards FAU-G प्रेजेंट कर रहा हूं। एंटरनेटमेंट के अलावा प्लेयर्स हमारे सैनिकों की शहादत के बारे में भी सीखेंगे। उन्होंने कहा कि इस गेम से होने वाले कमाई का 20 प्रतिशत हिस्सा भारत के वीर ट्रस्ट को दिया जाएगा, जो भारतीय सेना से जुड़े लोगों के लिए काम करता है।
बॉलीवुड अभिनेता ने अपने अकाउंट पर इस गेम का एक पोस्टर भी शेयर किया है और उसपर Coming Soon लिखा नजर आ रहा है। ऐसे में जल्द ही मल्टीप्लेयर बैटल रॉयल गेम अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर गेमर्स के लिए उतारा जा सकता है। सोशल मीडिया पर लोग अभी से इसे PUBG के विकल्प के तौर पर देख रहे हैं। हालांकि, FAU-G गेम से जुड़े बाकी डीटेल्स अभी सामने नहीं आए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह खेल भारतीय जवानों द्वारा घरेलू और विदेशी दोनों खतरों से निपटने के लिए वास्तविक परिदृश्यों पर आधारित है। गेम अक्टूबर के अंत तक लॉन्च होने की उम्मीद है। यह गेम Google Play Store और Apple App Store पर उपलब्ध होगा।
बता दें कि पूर्व लद्दाख में चीनी सैनिकों के साथ झड़प के बाद भारतीय सरकार ने 59 चीनी मोबाइल ऐप पर प्रतिबंध लगाने के बाद अन्य 118 और मोबाइल ऐप पर बैन लगाने का एलान किया है। इनमें से ज्यादातर चीनी मोबाइल ऐप्स (Chinese mobile Apps) शामिल हैं। भारत में PUBG Mobile खेलने वाले लाखों प्लेयर्स थे और गेम बैन किए जाने का असर उन सभी पर पड़ा है। ऐसे में माना जा रहा है कि नया FAU-G गेम उन्हें बड़ी राहत दे सकता है।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।
