Weather Update: इन राज्यों में 8 अक्टूबर तक होगी भारी बारिश, जानें आपके राज्य में कैसा रहेगा मौसम

Weather Update: IMD ने गुरुवार को जारी अपने वेदर फोरकास्ट में 24 घंटे के दौरान उपहिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, पश्चिम असम और मेघालय में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। इसके अलावा, मौसम विभाग के मुताबिक झारखंड, बिहार, गंगीय पश्चिम बंगाल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में मूसलाधार बारिश होने की आशंका है

अपडेटेड Oct 05, 2023 पर 6:23 PM
Weather Update: बंगाल और सिक्किम में 12 सेमी से अधिक बारिश होने की आशंका है (Phoro- REUTERS)

Weather Forecast Today: इंडियन मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) यानी मौसम विभाग ने आज (5 अक्टूबर) से लेकर 8 अक्टूबर तक देश के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश (Heavy Rains) की भविष्यवाणी की है। IMD ने गुरुवार को जारी अपने वेदर फोरकास्ट में 24 घंटे के दौरान उपहिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, पश्चिम असम और मेघालय में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। इसके अलावा, मौसम विभाग के मुताबिक झारखंड, बिहार, गंगीय पश्चिम बंगाल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में मूसलाधार बारिश होने की आशंका है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में असाधारण रूप से 12 सेमी से अधिक बारिश होने की आशंका है।

IMD फोरकास्ट

मौसम विभाग के मुताबिक, 24 घंटे के दौरान गंगीय पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश होने की आशंका है।


असम और मेघालय के कुछ हिस्सों में भी 6 अक्टूबर को भारी बारिश होने की आशंका है। इस दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भी भारी बारिश होगी। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में 5 से लेकर 8 अक्टूबर तक भारी बारिश की आशंका है।

मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम और पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में शुष्क मौसम की भी भविष्यवाणी की है। IMD ने अपने पूर्वानुमान में आगे कहा कि अगले 2-3 दिनों के दौरान देश के शेष हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए स्थितियां अनुकूल होती जा रही हैं।

इन स्थानों में पश्चिम उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम मध्य प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और गुजरात राज्य के शेष हिस्सों के साथ-साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ हिस्से शामिल हैं।

इसके अलावा, मौसम विभाग ने रविवार 8 अक्टूबर तक देश के विभिन्न हिस्सों में बिजली गिरने के साथ आंधी की भी भविष्यवाणी की है। केरल और माहे के कुछ हिस्सों में 24 घंटे के दौरान गरज के साथ बिजली गिरने और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। 6 से 8 अक्टूबर तक अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी इसी तरह की मौसम की स्थिति बने रहने की उम्मीद है।

24 घंटे के दौरान छत्तीसगढ़, गांगेय पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और लक्षद्वीप के अलग-अलग इलाकों में बारिश होने की उम्मीद है। इस दौरान गरज और बिजली के साथ तेज बारिश हो सकती है।

ये भी पढ़ें- पीएम मोदी की मध्य प्रदेश को 12,600 करोड़ की सौगात, बोले- 'विकास की गति को रुकने नहीं देना है'

6 अक्टूबर को बिहार, असम, मेघालय, केरल और माहे के अलग-अलग इलाकों में बिजली गिरने के साथ आंधी आने की भी आशंका है। मौसम कार्यालय ने मछुआरों को सलाह दी है कि वे पश्चिम बंगाल तट, मन्नार की खाड़ी के साथ-साथ उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी में न जाएं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।