IMD Alert: इन राज्यों में तेज हवाओं के साथ होगी मूसलाधार बारिश, जानें इस सप्ताह आपके राज्य में कैसा रहेगा मौसम

IMD के मुताबिक, 24 घंटे के दौरान गुजरात, दक्षिणी राजस्थान, उत्तरी कोंकण और उत्तरी मध्य महाराष्ट्र में भारी बारिश होने की आशंका है। जम्मू और हिमाचल प्रदेश में भी आज भारी बारिश हो सकती है। मौसम निगरानी एजेंसी के अनुसार, पिछले दिनों देश के 5 शहरों में मूसलाधार बारिश हुई जिनमें गोधरा (गुजरात), निथुवा (पूर्वी राजस्थान), पाली (पश्चिम राजस्थान), हुतबे (अंडमान और निकोबार द्वीप समूह) और सुंदरगढ़ (ओडिशा) शामिल हैं

अपडेटेड Sep 19, 2023 पर 5:55 PM
IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक महाराष्ट्र, गुजरात और ओडिशा जैसे राज्यों में इस सप्ताह भारी बारिश होने की आशंका है

IMD Rainfall Alert: इंडियन मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने इस सप्ताह के लिए मौसम अपडेट जारी किया है। IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक महाराष्ट्र, गुजरात और ओडिशा जैसे राज्यों में इस सप्ताह भारी बारिश होने की आशंका है। IMD के मुताबिक, 24 घंटे के दौरान गुजरात, दक्षिणी राजस्थान, उत्तरी कोंकण और उत्तरी मध्य महाराष्ट्र में भारी बारिश होने की आशंका है। जम्मू और हिमाचल प्रदेश में भी आज भारी बारिश हो सकती है। मौसम निगरानी एजेंसी के अनुसार, पिछले दिनों देश के 5 शहरों में मूसलाधार बारिश हुई जिनमें गोधरा (गुजरात), निथुवा (पूर्वी राजस्थान), पाली (पश्चिम राजस्थान), हुतबे (अंडमान और निकोबार द्वीप समूह) और सुंदरगढ़ (ओडिशा) शामिल हैं।

IMD फोरकास्ट

झारखंड में 3 दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट


उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उसके आसपास के इलाकों में निम्न दबाव वाला क्षेत्र बनने से झारखंड के कुछ हिस्सों में 19 सितंबर से अगले तीन दिनों तक भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि निम्न दबाव का क्षेत्र बनने के कारण 22 सितंबर तक मुख्य रूप से झारखंड के दक्षिणी, मध्य और पश्चिमी हिस्सों में मूसलाधार बारिश होने का अनुमान है।

रांची मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी अभिषेक आनंद ने पीटीआई को बताया कि अगले 48 घंटे में उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्र में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जिससे झारखंड के बड़े हिस्से में पानी बरसेगा। राज्य के कुछ हिस्सों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

IMD की ओर से जारी बुलेटिन के मुताबिक, बुधवार को दक्षिणी और मध्य झारखंड के अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश होने की आशंका है, जिसमें रांची समेत अन्य आठ जिले शामिल हैं। अगले दिन कम दबाव वाले क्षेत्र का असर राज्य के पश्चिमी और मध्य हिस्से पर पड़ सकता है। बुलेटिन के अनुसार, 22 सितंबर को झारखंड के उत्तर-पश्चिम और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश होने का अनुमान है।

ओडिशा में 'येलो अलर्ट' जारी

मौसम विभाग ने कहा कि बंगाल की खाड़ी पर निम्न दबाव क्षेत्र बन रहा है। इसके प्रभाव के चलते मंगलवार से चार दिन तक ओडिशा के कुछ जिलों में व्यापक बारिश होने की आशंका है। IMD के बुलेटिन में कहा गया है कि बारिश के अलावा अगले दो दिन के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में बिजली गरजने का भी अनुमान है।

ये भी पढ़ें- महिला आरक्षण बिल लोकसभा में पेश, पीएम मोदी ने सभी दलों से की समर्थन की अपील

IMD ने क्योंझर, मयूरभंज, बालासोर, भद्रक, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर और पुरी जिलों में भारी बारिश (7 से 20 सेंटीमीटर) होने का अनुमान जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसी तरह जाजपुर, कटक, खुर्द, गंजम, ढेंकनाल, अंगुल, देवगढ़, सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, संबलपुर, सोनेपुर, बौध और कालाहांडी में भारी बारिश होने का अनुमान जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

अन्य राज्यों के हाल

- मौसम विभाग के मुताबिक, 24 घंटे के दौरान गुजरात, दक्षिणी राजस्थान, उत्तरी कोंकण और उत्तरी मध्य महाराष्ट्र में भारी बारिश होने की आशंका है।

- जम्मू और हिमाचल प्रदेश में भी इस दौरान भारी बारिश हो सकती है।

- IMD के मुताबिक पश्चिम बंगाल, सिक्किम और बिहार में 22 सितंबर तक बारिश हो सकती है।

- 19 से 22 सितंबर तक असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश होने की आशंका है।

- तमिलनाडु और केरल जैसे दक्षिण भारतीय राज्यों में भी बारिश हो सकती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।