हिमाचल-उत्तराखंड में जबरदस्त बर्फबारी, कश्मीर घाटी में भी बिछी बर्फ की चादर, दिल्ली-NCR में रातभर हुई बारिश, जानें मौसम का हाल

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के नारकंडा में जबरदस्त बर्फबारी हो रही है। बर्फबारी के बाद चारों तरफ बर्फ की मोटी परत जमी हुई दिखाई दे रही है। इसके अलावा राजस्थान के उदयपुर में ओलावृष्टि से फसलों को काफी नुकसान हुआ है। दिल्ली-NCR में हुई रातभर बारिश के बाद राजधानी में पारा गिर गया है

अपडेटेड Jan 30, 2023 पर 10:38 AM
Weather Update: बर्फबारी की वजह से कश्मीर यूनिवर्सिटी में आज होने वाली सभी परीक्षाओं को स्थगित कर दिया गया है

Weather Update: जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश सहित उत्तर भारत के कई पहाड़ी इलाकों में इस वक्त जबरदस्त बर्फबारी हो रही है। सड़कों पर बर्फ की मोटी परत जम गई है। भारी बर्फबारी (snowfall) से श्रीनगर एयरपोर्ट पर कई उड़ाने भी प्रभावित हुईं हैं। बर्फबारी की वजह से कश्मीर यूनिवर्सिटी और क्लस्टर यूनिवर्सिटी ने आज होने वाली सभी परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के नारकंडा में जबरदस्त बर्फबारी हो रही है। बर्फबारी के बाद चारों तरफ बर्फ की मोटी परत जमी हुई दिखाई दे रही है। इसके अलावा राजस्थान के उदयपुर में ओलावृष्टि से फसलों को काफी नुकसान हुआ है। इस बीच, दिल्ली-NCR में हुई रातभर बारिश (Rains) के बाद राजधानी में पारा गिर गया है।

श्रीनगर में सोमवार सुबह से ही ताजा बर्फबारी देखने को मिल रहा है। लोग बर्फबारी का आनंद ले रहे हैं। एक व्यक्ति ने बताया, "ये बर्फ ही तो कश्मीर की पहचान है। इस महीने में बर्फबारी होती है जिससे पर्यटन बढ़ता है और बेरोजगारी भी कम होती है। पर्यटन बढ़ने से अच्छी कमाई हो जाती है।"

कश्मीर के अलावा हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के नारकंडा समेत राज्य के कई इलाकों में बर्फबारी हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, यह बर्फबारी मध्यम से भारी वर्ग की होने की आशंका है। ताजा बर्फबारी के बाद कई इंच तक बर्फ के चादर बिछ गई हैं। बर्फबारी की वजह से ट्रैफिक प्रभावित हुआ है। कश्मीर और हिमाचल के अलावा उत्तरकाशी के गंगोत्री धाम में भी भारी बर्फबारी हो रही है।


दिल्ली में बारिश

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार को हुई हल्की बारिश के कारण सर्दी और बढ़ गई। अधिकतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के लिए औसत से पांच डिग्री सेल्सियस कम है। दिल्ली का न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम है। मौसम विभाग ने कहा कि दिल्ली में रविवार शाम साढ़े पांच बजे तक 3.3 मिमी बारिश दर्ज की गई।

मौसम वैज्ञानिकों ने सोमवार को सुबह आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहने और हल्की बारिश एवं गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान जताया है।

ये भी पढ़ें- BSNL का सबसे तगड़ा सस्ता प्लान, सिर्फ 166 रुपये में 12 महीने कर सकेंगे फ्री कॉल, मोबाइल डेटा और SMS भी मुफ्त

उन्होंने कहा कि न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमश: 10 और 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। शनिवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान और अधिकतम तापमान क्रमश: 6.1 डिग्री सेल्सियस तथा 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

वहीं, राजस्थान में पिछले 24 घंटे में विभिन्न स्थानों पर 10 से 30 मिलीमीटर (मिमी) बारिश हुई है। भीलवाड़ा के सहाड़ा, राजसमंद के रेलमगरा, उदयपुर के डबोक, राजसमंद के भीम में पिछले 24 घंटों में 30 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस दौरान राज्य भर के कई अन्य स्थानों पर 10 से 20 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस बीच बारिश से तापमान में भी मामूली गिरावट दर्ज की गई।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।