अयोध्या में नवनिर्मित भव्य राम मंदिर में 22 जनवरी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा (Ayodhya Ram Mandir Pran Pratishtha Date and Time) होने वाली है। राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की रूपरेखा तय हो गई है। भगवान राम के मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा की रस्म आगामी 22 जनवरी को दोपहर 12 बजकर 20 मिनट पर होगी। इस बीच, अयोध्या में राम मंदिर के भव्य अभिषेक समारोह से पहले, केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने गर्भ गृह में स्थापित की जाने वाली भगवान राम की मूर्ति की तस्वीर जारी की है। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि कर्नाटक के प्रसिद्ध मूर्तिकार अरुण योगीराज (Arun Yogiraj) द्वारा निर्मित भगवान श्रीराम की मूर्ति का चयन अयोध्या में स्थापना के लिए किया गया है।
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने सोमवार को ट्वीट किया, "अयोध्या में भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा के लिए मूर्ति के चयन को अंतिम रूप दे दिया गया है। हमारे देश के प्रसिद्ध मूर्तिकार योगीराज अरुण द्वारा बनाई गई भगवान राम की मूर्ति अयोध्या में स्थापित की जाएगी।" जोशी के अलावा कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता बीएस येदियुरप्पा ने भी बताया कि मूर्तिकार अरुण योगिराज की मूर्ति को प्राण प्रतिष्ठा के लिए चुना गया है।
राम मंदिर का निर्माण करा रही संस्था श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने सोमवार को कहा, "प्राण-प्रतिष्ठा दोपहर 12 बजकर 20 मिनट पर होगी।" उन्होंने कहा, "प्राण-प्रतिष्ठा के बाद आरती करो, पास-पड़ोस के बाजारों में, मुहल्लों में भगवान का प्रसाद वितरण करो और सायंकाल सूर्यास्त के पश्चात दीपक जलाओ। ऐसा ही निवेदन आग्रह प्रधानमंत्री (नरेंद्र मोदी) जी ने अयोध्या से सारे संसार का आह्वान करते हुए किया है।"
अयोध्या में बन रहे भव्य राम मंदिर में 'रामलला' की प्राण प्रतिष्ठा आगामी 22 जनवरी को की जाएगी। इसे लेकर जोरदार तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश की अनेक जानी-मानी हस्तियों को आमंत्रित किया गया है। 22 जनवरी को एक बार रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद आम भक्त भगवान राम का दर्शन और पूजा कर सकेंगे।
सुप्रीम कोर्ट ने 9 नवंबर 2019 को राम जन्म भूमि-बाबरी मस्जिद मामले में फैसला सुनाते हुए विवादित स्थल पर राम मंदिर का निर्माण कराने के आदेश दिए थे। इसके निर्माण के लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का गठन किया गया था। राम मंदिर का पूरा होना एक ऐसा क्षण है जिसका दुनिया इंतजार कर रही थी। अयोध्या की सड़कों पर इसे लेकर उत्साह साफ दिख रहा है।