Ratan Tata को जान से मारने की धमकी, लेकिन पुलिस ने आरोपी पर नहीं की कार्रवाई, जानिए वजह

एक सीनियर अधिकारी के मुताबिक फोन करने वाले शख्स ने पुलिस से रतन टाटा की सुरक्षा बढ़ाने के लिए कहा। वहीं, ऐसा न करने पर उसने चेतावनी दी कि रतन टाटा का भी वही हाल होगा जो टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री का हुआ था। बता दें कि मिस्त्री की 4 सितंबर 2022 को एक कार दुर्घटना में मौत हो गई

अपडेटेड Dec 16, 2023 पर 3:21 PM
Story continues below Advertisement
टाटा ग्रुप के मालिक रतन टाटा को जान से मारने की धमकी मिली है।

दिग्गज कारोबारी और टाटा ग्रुप के मालिक रतन टाटा (Ratan Tata) को जान से मारने की धमकी मिली है। यह धमकी मुंबई पुलिस के पास कॉल करके दी गई है। मुंबई पुलिस ने धमकी देने वाले शख्स का पता लगा लिया है। हालांकि, जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि गुमनाम कॉल करने वाले इस शख्स को सिजोफ्रेनिया है, जिसके चलते उसे गिरफ्तार नहीं किया गया है। दिलचस्प बात यह है कि धमकी देने वाला शख्स MBA होल्डर और इंजीनियर है।

साइरस मिस्त्री जैसा हाल करने की धमकी

एक सीनियर अधिकारी के मुताबिक फोन करने वाले शख्स ने पुलिस से रतन टाटा की सुरक्षा बढ़ाने के लिए कहा। वहीं, ऐसा न करने पर उसने चेतावनी दी कि रतन टाटा का भी वही हाल होगा जो टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री का हुआ था। बता दें कि मिस्त्री की 4 सितंबर 2022 को एक कार दुर्घटना में मौत हो गई।


जानकारी के मुताबिक कॉल मिलने के बाद मुंबई पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड में आ गई और एक खास टीम को रतन टाटा की निजी सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, दूसरी टीम को कॉल करने वाले के बारे में जानकारी इकट्ठा करने के लिए कहा गया।

पुणे का रहने वाला है शख्स

पुलिस ने कहा कि उन्होंने टेक्निकल सपोर्ट और टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर की मदद से कॉल करने वाले का पता लगाया। रिपोर्ट के अनुसार उसका स्थान कर्नाटक में पाया गया, लेकिन वह पुणे का निवासी है। जैसे ही पुलिस उनके पुणे स्थित आवास पर पहुंची, उन्होंने कहा कि फोन करने वाला पिछले पांच दिनों से लापता है और उसकी पत्नी ने शहर के भोसारी पुलिस स्टेशन में शिकायत भी दर्ज कराई है।

पुलिस ने कॉल करने वाले के रिश्तेदारों से आगे पूछताछ की जिसके बाद उन्हें पता चला कि वह सिजोफ्रेनिया से पीड़ित है और जिस फोन से उसने कॉल किया था, वह किसी के घर से उन्हें बताए बिना ले गया था।

कानूनी कार्रवाई नहीं करेगी पुलिस

अधिकारी ने कहा कि शख्स ने मुंबई पुलिस के कंट्रोल रूम को फोन किया और रतन टाटा को धमकी दी। चूंकि कॉल करने वाला सिज़ोफ्रेनिया से जूझ रहा था, इसलिए पुलिस ने उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई न करने का फैसला किया है। पुलिस के मुताबिक कॉल करने वाले ने फाइनेंस में MBA किया है और इंजीनियरिंग की पढ़ाई भी की है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।