Governor of the Year : रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) के गवर्नर शक्तिकांत दास को लंदन में 'गवर्नर ऑफ द ईयर' का खिताब दिया गया है। दास को लंदन में सेंट्रल बैंकिंग अवार्ड्स 2023 में सम्मानित किया गया है। सेंट्रल बैंकिंग लंदन स्थित एक इंटरनेशनल इकोनॉमिक रिसर्च जर्नल है। इसके पहले साल 2015 में यह सम्मान RBI के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन को भी दिया जा चुका है। दास यह पुरस्कार प्राप्त करने वाले दूसरे गवर्नर हैं। अवॉर्ड के आयोजकों ने कहा कि दास ने कई अहम सुधार किए हैं। उन्होंने पेमेंट इनोवेशन सिस्टम को लीड किया है। इसके साथ ही कठिन समय में उन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था को मजबूती से संभाला है।
आयोजकों ने आगे कहा कि दास का कार्यकाल 2018 में शुरू हुआ, जिसके बाद अर्थव्यवस्था को कई गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ा। कोरोना महामारी के दौरान पहली और दूसरी लहर में उन्होंने मुश्किल समय का बखूबी सामना किया। इसके बाद यूक्रेन पर रूस के हमले के चलते बढ़ी महंगाई के समय भी उन्होंने बेहतर कदम उठाए।
सेंट्रल बैंकिंग अवार्ड्स 2023 के आयोजकों ने सितंबर 2018 में इन्फ्रास्ट्रक्चर लीजिंग एंड फाइनेंशियल सर्विसेज (IL&FS) के पतन के बारे में भी बात की, जिसके कारण इंडियन बैंकिंग सिस्टम में लिक्विडिटी की कमी हो गई। उन्होंने कहा, "पंजाब और महाराष्ट्र को-ऑपरेटिव बैंक सहित बाद के महीनों में मुट्ठी भर अन्य कंपनियां डूब गईं, जिन्होंने एक इंफ्रास्ट्रक्चर फाइनेंस फर्म को भारी मात्रा में कर्ज दिया था।"
RBI के 25वें गवर्नर हैं दास
शक्तिकांत दास तमिलनाडु कैडर के एक रिटायर्ड IAS ऑफिसर हैं, जो वर्तमान में RBI के 25वें गवर्नर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने आर्थिक मामलों के सचिव, राजस्व सचिव और उर्वरक सचिव जैसे कई पदों पर केंद्र सरकार और तमिलनाडु सरकार दोनों के लिए काम किया है।