Schengen Visa: भारतीयों के लिए यूरोप के 29 देशों में घूमना हुआ आसान, यूरोपीय यूनियन ने वीजा नियमों में किया बदलाव

Schengen Visa: नए नियमों के तहत भारत में रहने वाले भारतीय नागरिकों को पिछले तीन सालों के भीतर कानूनी रूप से दो वीजा प्राप्त करने और उपयोग करने के बाद दो साल के लिए वैलिड लॉन्ग टर्म, मल्टी-एंट्री शेंगेन वीजा जारी किया जा सकता है। नए नियमों से यूरोप के 29 देशों में यात्रा करना आसान हो जाएगा

अपडेटेड Apr 22, 2024 पर 10:24 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
यूरोपियन यूनियन के देशों की यात्रा पर जाने वाले भारतीयों के लिए अच्छी खबर है।

Schengen Visa: यूरोपियन यूनियन के देशों की यात्रा पर जाने वाले भारतीयों के लिए अच्छी खबर है। भारतीय नागरिक अब लंबी वैलिडिटी वाले मल्टीपल एंट्री शेंगेन वीजा के लिए अप्लाई कर सकते हैं। दरअसल, यूरोपियन यूनियन ने इससे जुड़े कुछ नियमों में बदलाव किया है। नए नियम के तहत अब पांच साल के लिए मल्टीपल एंट्री वाले शेंगेन वीजा के लिए आवेदन किया जा सकेगा। बता दें कि यूरोपीय देशों में यात्रा करने के लिए आपके पास शेंगेन वीजा होना जरूरी है। इस वीजा के जरिए टूरिस्ट अलग-अलग यूरोपीय देशों में घूम सकते हैं।

18 अप्रैल से नए नियम लागू

यूरोपियन कमीशन ने 18 अप्रैल को भारतीय नागरिकों के लिए मल्टीपल एंट्री वीजा जारी करने के लिए नए नियम अपनाए। यह वर्तमान में लागू वीजा कोड के स्टैंडर्ड रूल्स की तुलना में अधिक आसान हैं। 18 अप्रैल से लागू यह नई व्यवस्था भारतीय यात्रियों के लिए काफी फायदेमंद है। नए नियमों के तहत भारत में रहने वाले भारतीय नागरिकों को पिछले तीन सालों के भीतर कानूनी रूप से दो वीजा प्राप्त करने और उपयोग करने के बाद दो साल के लिए वैलिड लॉन्ग टर्म, मल्टी-एंट्री शेंगेन वीजा जारी किया जा सकता है।


इस शुरुआती दो साल के वीजा के बाद पांच साल का वीजा दिया जा सकता है, बशर्ते पासपोर्ट की पर्याप्त वैलिडिटी शेष हो। यह एक्सटेंडेड वैलिडिटी यात्रियों को किसी भी 180-दिन की अवधि के भीतर 90 दिनों तक के के लिए शेंगेन एरिया में आजादी के साथ घूमने की अनुमति देती है।

इन 29 देशों में ट्रैवल करना होगा आसान

इस वीजा के जरिए कुल 29 देशों में यात्रा किया जा सकेगा। शेंगेन एरिया में 29 यूरोपीय देश शामिल हैं, जिनमें से 25 EU स्टेट्स हैं। इन देशों में बेल्जियम, बुल्गारिया, क्रोएशिया, चेक गणराज्य, डेनमार्क, जर्मनी, एस्टोनिया, ग्रीस, स्पेन, फ्रांस, इटली, लातविया, लिथुआनिया, लक्ज़मबर्ग, हंगरी, माल्टा, नीदरलैंड, ऑस्ट्रिया, पोलैंड, पुर्तगाल, रोमानिया, स्लोवेनिया, स्लोवाकिया, फिनलैंड और स्वीडन, साथ ही आइसलैंड, लिकटेंस्टीन, नॉर्वे और स्विट्जरलैंड शामिल हैं।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।