Get App

कांग्रेस सांसद राजीव सातव का कोरोना से उबरने के बाद निधन, PM मोदी और राहुल गांधी ने जताया शोक

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि राजीव सातव के रूप में हमने अपना सबसे होनहार सहयोगी खो दिया

MoneyControl Newsअपडेटेड May 16, 2021 पर 8:13 PM
कांग्रेस सांसद राजीव सातव का कोरोना से उबरने के बाद निधन, PM मोदी और राहुल गांधी ने जताया शोक

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद राजीव सातव (Congress MP Rajiv Satav) का रविवार को पुणे के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। कुछ दिनों पहले ही वह कोविड-19 से उबरे थे। वह 46 वर्ष के थे। सातव की तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में उन्हें वेंटीलेटर पर रखा गया था। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के करीबी माने जाने वाले सातव 22 अप्रैल को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे। सातव को बाद में एक नया वायरल संक्रमण हो गया था और उनकी हालत गंभीर थी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उनके निधन पर दुख जताया है। प्रधानमंत्री मोदी ने राजीव सातव के निधन पर संवेदना जताते हुए ट्विटर पर लिखा, राजीव सातव की मौत से गहरा धक्का लगा, वह एक दमदार नेता थे, उनके परिवार, समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं है। वहीं, राहुल गांधी ने कहा कि यह उनके लिए बहुत बड़ी क्षति है।

राहुल गांधी ने ट्वीट किया, मैं अपने मित्र राजीव सातव के निधन से बहुत दुखी हूं। उनमें एक नेता के तौर पर असीम संभावनाएं थी और उन्होंने कांग्रेस के आदर्शों को आत्मसात कर लिया था। यह हम सभी के लिए बहुत बड़ी क्षति है। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। महाराष्ट्र से आने वाले सातव को पूर्व कांग्रेस प्रमुख राहुल गांधी का करीबी माना जाता था। वह गुजरात में पार्टी के मामलों के प्रभारी थे जहां पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने अच्छा मुकाबला किया था।

कांग्रेस ने अपने आधिकारिक हैंडल से ट्वीट किया, हम राज्यसभा सदस्य और हमवतन श्री राजीव सातव के निधन से बहुत दुखी हैं। राष्ट्र के प्रति उनके अटूट समर्पण और सादगी से पार्टी का कामकाज चलाने को काफी याद किया जाएगा। उनके परिवार, मित्रों तथा समर्थकों के प्रति हमारी संवेदनाएं हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें।

अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के महासचिव के सी वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस ने अग्रिम मोर्चे के अपने योद्धा, कांग्रेस कार्यकारी समिति के सदस्य, सांसद और होनहार युवा नेता को खो दिया है। उन्होंने कहा कि मैं इस अपूरणीय क्षति से बहुत आहत हूं। पार्टी उनके अटूट समर्पण, जुड़ाव और अपार लोकप्रियता को हमेशा याद रखेगी।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि राजीव सातव के रूप में हमने अपना सबसे होनहार सहयोगी खो दिया। उनका दिल बेहद साफ था, वह ईमानदार, कांग्रेस के आदर्शों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध और भारत के लोगों के प्रति समर्पित थे। मेरे पास शब्द नहीं हैं, उनकी युवा पत्नी और बच्चों के लिए प्रार्थना करती हूं। ईश्वर उन्हें उनके बिना जीने की ताकत दें।

कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि इस नुकसान से वह निशब्द हो गए हैं। उन्होंने ट्वीट किया कि आज एक ऐसा साथी खो दिया जिसने सार्वजनिक जीवन का पहला कदम युवा कांग्रेस में मेरे साथ रखा और आज तक मेरे साथ चले पर आज...राजीव सातव की सादगी, बेबाक मुस्कुराहट, जमीनी जुड़ाव, नेतृत्व और पार्टी से निष्ठा तथा दोस्ती सदा याद आएगी। अलविदा मेरे दोस्त। जहां रहो, चमकते रहो।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें