Sharaddha Murder Case: दिल्ली (Delhi) के महरौली (Mehrauli) में उस रात आफताब पूनावाला (Aaftab Poonawala) और उसकी प्रेमिका श्रद्धा वाल्कर (Shraddha Walkar) के बीच हत्या की उस रात क्या-क्या हुआ था, इसकी जानाकारी भी सामने आ गई है। 18 मई को हुई हत्या का खुलासा छह महीने बाद हुआ, जब 28 साल के कॉल सेंटर में काम करने वाले आफताब को 12 नवंबर को गिरफ्तार किया गया। इस हत्याकांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है।
दिल्ली पुलिस की एक टीम छतरपुर पहाड़ी में पूनावाला के घर पर गई। CNN-News18 ने अपनी एक रिपोर्ट में बताया कि 18 मई की रात को हुई हत्या और अगले 24 घंटे आरोपी ने क्या-क्या किया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, 18 मई को आफताब और श्रद्धा के बीच एक और जोरदार बहस हुई थी, लेकिन इस बार ये बहस घरेलू मामलों को लेकर थी। इससे पहले भी दोनों के बीच इस तरह का विवाद हुआ था, जब श्रद्धा ने शादी की बात रखी थी।
दरअसल आफताब ने पुलिस को बताया कि उस दिन वह श्रद्धा को "मारना" चाहता था, लेकिन वह नहीं कर सका, क्योंकि वह "बहुत भावुक" हो गई थी। हालांकि, अगली लड़ाई श्रद्धा के लिए घातक साबित हो गई।
इस बार, आफताब ने अपना आपा पूरी तरह खो दिया और कथित तौर पर श्रद्धा का गला घोंट दिया। घटना 18 मई की रात 8 से 10 बजे के बीच की है।
सूत्रों ने कहा कि आफताब ने रात भर श्रद्धा के शव को अपने कमरे में रखा। हत्या के अगले दिन 19 मई को पूनावाला चाकू और फ्रिज खरीदने के लिए घर से निकला था।
उसने कॉलोनी में आने वाली कूड़े की गाड़ी में श्रद्धा के उन कपड़ों को भी फेंक दिया, जो उसने पहने हुए थे। साथ ही उसकी कुछ दूसरी चीजों को भी फेंक दिया।
इसके बाद पूनावाला ने उसके शरीर के 35 टुकड़े कर लिए और उन्हें नए रेफ्रिजरेटर में रख दिया। तीन हफ्ते बाद, उसने उसके शरीर के टुकड़ों को दक्षिणी दिल्ली के छतरपुर के वन क्षेत्र और राष्ट्रीय राजधानी की दूसरी जगहों पर फेंकने शुरू कर दिया।
पुलिस ने कहा कि दोनों महरौली के फ्लैट में घटना से चार दिन पहले ही रहने आए थे। दोनों एक कॉल सेंटर में काम करते थे और पिछले एक साल से साथ रह रहे थे, पहले मुंबई और अब दिल्ली में।
क्योंकि वाल्कर के माता-पिता ने उनके अंतर-धार्मिक संबंध को मंजूरी नहीं दी थी। इसलिए दोनों दिल्ली चले आए और किराए के घर में रहने लगे। हालांकि, इससे पहले दोनों एक हफ्ते के लिए एक होटल में रहे थे।
Sharaddha Murder Case: आफताब का नार्को टेस्ट कराना चाहती है पुलिस
दिल्ली पुलिस अब आरोपी आफताब अमीन पूनावाला का ‘नार्को टेस्ट’ कराना चाहती है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि पुलिस को अभी अदालत से अनुमति नहीं मिली है।
पुलिस ने अलग-अलग इलाकों से लड़की के शव के 13 टुकड़े बरामद किए हैं, जिन्हें DNA विश्लेषण के लिए भेजा जाएगा। जांच टीम के डेटिंग ऐप ‘बम्बल’ से भी संपर्क करने की संभावना है, जिसके जरिए दोनों की मुलाकात हुई थी।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, पीड़िता श्रद्धा वाल्कर के दोस्तों में से एक लक्ष्मण को जांच में शामिल होने के लिए कहा जाएगा। उन्होंने कहा, "हमने आफताब के नार्को टेस्ट के लिए आवेदन किया है। हमें अभी तक अदालत से अनुमति नहीं मिली है।"