Shraddha Murder Case: श्रद्धा के शरीर के कुछ टुकड़े देहरादून में भी फेंके! पुलिस रिमांड में हार्डकोर क्रिमिनल की तरह पेश आ रहा आफताब

Shraddha Murder Case: आफताब ने पुलिस को बताया कि वह ड्रग्स लेता है और 18 मई को ड्रग्स के नशे में ही उसने श्रद्धा की गला दबाकर हत्या कर दी थी। आफताब ने कहा कि श्रद्धा अक्सर उसे ड्रग्स लेने पर डांटती थी

अपडेटेड Nov 18, 2022 पर 4:18 PM
Shraddha Murder Case: श्रद्धा के शरीर के कुछ टुकड़े देहरादून में भी फेंके!

Shraddha Murder Case: श्रद्धा वाल्कर (Shraddha Walker) का लिव-इन पार्टनर (Live In Partner) आफताब पूनावाला (Aftab Poonawala) एक "कट्टर अपराधी" (Hardcore Criminal) की तरह पेश आ रहा है। एक पुलिस अधिकारी ने ऐसी जानकारी दी है। Times of India के मुताबिक, आफताब पूनावाला का DNA मैच ले रहे फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) के एक वरिष्ठ सदस्य ने कहा कि वह हर चीज को लेकर "काफी नॉर्मल" था और एक कट्टर अपराधी की तरह व्यवहार कर रहा था।

घटनास्थल का दौरा करने वाले एक दूसरे अधिकारी के अनुसार, आरोपी ने काफी पेशेवर तरीके से घर के अंदर से सबूत मिटाए थे। इस बीच, दिल्ली की एक अदालत ने पुलिस को बुधवार को उसका नार्को टेस्ट कराने की इजाजत दे दी। आफताब ने भी गुरुवार को इसके लिए अपनी सहमति दे दी। जब जज ने पूछा कि क्या वह नार्को टेस्ट के संभावित नतीजे जानता है, तो आरोपी ने कहा 'हां।'

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से बताया गया कि आफताब ने पुलिस को बताया कि वह ड्रग्स लेता है और 18 मई को ड्रग्स के नशे में ही उसने श्रद्धा की गला दबाकर हत्या कर दी थी।


पूछताछ के दौरान, आफताब ने कहा कि श्रद्धा अक्सर उसे ड्रग्स लेने पर डांटती थी और हत्या के दिन दोनों के बीच खर्च को लेकर दिन भर झगड़ा हुआ था। मुद्दा ये था कि मुंबई से दिल्ली तक उनका सामान कौन लाएगा? क्योंकि दोनों के पास ही कैश नहीं था।

Shraddha Murder Case: आफताब पूनावाला का होगा नार्को टेस्ट, कोर्ट ने पांच दिन के लिए बढ़ाई पुलिस रिमांड

कहासुनी के बाद आफताब बाहर गया, गांजा पिया और वापस आ गया। आफताब ने पुलिस को बताया कि वह श्रद्धा को मारना नहीं चाहता था, लेकिन गांजे के नशे में उसने गला दबा कर उसकी हत्या कर दी।

सूत्रों ने बताया कि आफताब ने अधिकारियों को बताया कि उसने श्रद्धा के शरीर के कुछ हिस्से देहरादून में भी फेंके थे। वहीं फोरेंसिक टीम को महरौली की सीवर के अंदर श्रद्धा की हड्डियां मिलीं।

वकीलों ने की मौत की सजा की मांग

अदालत में आफताब का वकील भी विरोध कर रहे थे। एक विरोध कर रहे वकील ने बताया, "करीब 100 वकील अदालत परिसर के बाहर जमा हो गए और पूनावाला के लिए मौत की सजा की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। हम मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हैं। इसे फास्ट ट्रैक कोर्ट में तेजी से तय किया जाना चाहिए।"

दिल्ली पुलिस मई से अब तक बरामद सभी अज्ञात शवों या टुकड़ों की जांच के नतीजों के बारे में 15 जिलों के 178 पुलिस थानों से भी पूछताछ कर चुकी है। पुलिस ने अलग-अलग इलाकों से शरीर के 13 अंग बरामद किए हैं, जिन्हें श्रद्धा का माना जा रहा है। उनका DNA टेस्ट किया जाएगा।

28 साल के आफताब ने 18 मई में कथित तौर पर श्रद्धा का गला घोंट दिया था और उसके शरीर के 35 टुकड़े कर दिए थे। इन टुकड़ों को उसने दक्षिण दिल्ली के महरौली में अपने घर पर लगभग तीन हफ्ते तक 300 लीटर के एक फ्रिज में रखा और फिर अगले कई दिनों में शहर भर में फेंक दिया।

आफताब को हिमाचल, उत्तराखंड ले जाएगी पुलिस

दिल्ली पुलिस ने कोर्ट के सामने बताया कि आरोपी आफताब को जांच के लिए उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश ले जाया जाएगा। आफताब और श्रद्धा दिल्ली में एक फ्लैट किराए पर लेने से पहले मार्च-अप्रैल में इन पहाड़ी राज्यों में ही घूम रहे थे।

दिल्ली की एक अदालत ने गुरुवार को आरोपी आफताब को और पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया, जहां दिल्ली पुलिस ने आरोपी की 10 दिन की रिमांड मांगी, वहीं अदालत ने केवल पांच दिन की रिमांड दी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।