Shraddha Murder Case: 'मैंने जो भी किया गुस्से में किया', जज के सामने पहली बार बोला श्रद्धा का कातिल आफताब

Shraddha Murder Case: कोर्ट में आफताब ने जज के सामने कहा कि जो कुछ भी हुआ, वो HEAT OF THE MOMENT था। यानी श्रद्धा की हत्या बिना सोचे समझे गुस्से में किया

अपडेटेड Nov 22, 2022 पर 11:26 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Shraddha Murder Case: साकेत कोर्ट ने आरोपी आफताब अमीन पूनावाला की पुलिस हिरासत 4 दिन के लिए बढ़ा दी है

Delhi-Mehrauli Murder Case Updates: दिल्ली के साकेत कोर्ट (Saket Court) ने श्रद्धा वालकर (Shraddha Walkar) हत्याकांड मामले में आरोपी आफताब अमीन पूनावाला (Aaftab Amin Poonawalla) की पुलिस हिरासत 4 दिन के लिए बढ़ा दी है। आफताब को विशेष सुनवाई के लिए मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, आरोपी आफताब पूनावाला ने जज को बताया कि यह घटना आवेश यानी गुस्से में हुई। उसने कहा, "जो कुछ भी हुआ, वो HEAT OF THE MOMENT था।" यानी उसने श्रद्धा की हत्या बिना सोचे समझे गुस्से में किया। उसने अदालत से यह भी कहा कि वह जांच में सहयोग कर रहा है। उसने जज से आगे कहा कि उसे घटना को याद करने में दिक्कत हो रही है।

दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने सोमवार को महरौली के जंगलों से एक जबड़ा और कुछ हड्डियां बरामद कीं। दिल्ली पुलिस इसे लेकर एक डेंटिस्ट के पास पहुंची है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह जबड़ा श्रद्धा का ही है, या नहीं। इससे पहले पुलिस ने रविवार को महरौली में स्थित कपल के किराए के उस अपार्टमेंट की तलाशी ली, जहां वह रहते थे।

श्रद्धा की हत्या उनके लिव-इन पार्टनर आफताब ने इसी साल 18 मई को उसी अपार्टमेंट में की थी। आफताब ने श्रद्धा के शरीर के 35 टुकड़े करने के बाद उन्हें महरौली के फ्लैट से केवल 20 मिनट की दूरी पर दिल्ली में ही फेंक दिया था। श्रद्धा के शव के बाकी बचे अंगों की तलाश करने के लिए एक टीम ने मैदान गढ़ी तालाब (Maidan Garhi Pond) की भी तलाशी ली, जो महरौली घर से ज्यादा दूर नहीं है।


आरोपी का होगा पॉलीग्राफ टेस्ट 

अपनी लिव-इन पार्टनर श्रद्धा वालकर की हत्या के आरोपी आफताब अमीन पूनावाला का नार्को टेस्ट सोमवार को नहीं किया गया। नार्को टेस्ट से पहले आफताब का पॉलीग्राफ टेस्ट होगा। इससे पहले कोर्ट ने गुरुवार को दिल्ली पुलिस को 5 दिन में आफताब का नार्को टेस्ट कराने का आदेश दिया था। दिल्ली पुलिस ने सोमवार को कोर्ट से आफताब का पॉलीग्राफ टेस्ट कराने की इजाजत मांगी। बताया जा रहा है कि आरोपी ने भी अपनी सहमति दे दी है।

फ्लैट से क्या मिला?

एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने श्रद्धा वालकर हत्याकांड में उसके शव के शेष हिस्सों को बरामद करने के लिए रविवार को छतरपुर के जंगलों समेत राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में नए सिरे से तलाशी अभियान चलाया। इसमें वह इलाका भी शामिल है, जहां आरोपी आफताब पूनावाला और वालकर साथ रहा करते थे।

ये भी पढ़ें- Delhi Nursery Admission: दिल्ली में 1 दिसंबर से शुरू होगा नर्सरी में एडमिशन, चेक करें डिटेल्स

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस की एक दूसरी टीम सबूत इकट्ठा करने के लिए उस फ्लैट पर गई, जहां पूनावाला और वालकर रहते थे। पुलिस ने घर से 2 प्लास्टिक बैग बरामद किए।

दिल्ली से लेकर मुंबई और गुरुग्राम तक जांच जारी

दिल्ली पुलिस की एक टीम ने मामले के संबंध में बयान दर्ज करने के लिए महाराष्ट्र के पालघर जिले में तीन लोगों को भी बुलाया। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस की एक टीम गुरुग्राम के वन क्षेत्र में भी सर्च कर रही है। ये वन उस ऑफिस के पास है, जहां पूनावाला पहले काम करता था।

इससे पहले रविवार को दिल्ली पुलिस महाराष्ट्र के वसई में कपल के घर पहुंची। इस दौरान घर के मालिक से पूछताछ की गई। कपल ने वसई में 10 महीने के लिए फ्लैट किराए पर लिया था। पूनावाला और वालकर दिल्ली जाने से पहले इसी इलाके में रहते थे। तलाशी के दौरान, पुलिस ने चार लोगों के बयान दर्ज किए। चारों हाउसिंग सोसाइटी के पदाधिकारी हैं, जहां श्रद्धा और आफताब रहते थे।

अब तक शव के 13 टुकड़े बरामद

पुलिस अब तक शव के 13 टुकड़े बरामद कर चुकी है, जिनमें ज्यादातर कंकाल के अवशेष हैं। लेकिन श्रद्धा के शरीर को काटने के लिए इस्तेमाल किया गया हथियार अभी तक बरामद नहीं हुआ है। पुलिस के अनुसार, पूनावाला ने 18 मई को 27 वर्षीय वालकर को कथित तौर पर गला घोंटकर मार डाला था। उसने उसके शरीर के 35 टुकड़े करके दक्षिण दिल्ली के महरौली स्थित अपने फ्लैट पर लगभग तीन सप्ताह तक 300 लीटर के फ्रिज में रखे थे। इन टुकड़ों को वह कई दिनों तक आधी रात के बाद शहर में कई जगहों पर फेंकता रहा था।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।