IRCTC ने श्री रामायण यात्रा (Shri Ramayana Yatra Tours) सीरीज की योजना बनाई है, जो धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और Covid-19 संबंधी हालात में सुधार के मद्देनजर रेलगाड़ियों के जरिए घरेलू पर्यटन को फिर से शुरू करने की दिशा में मददगार होगी। इंडियन रेलवे कैटरिंग ऐंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) ने शनिवार को बताया कि इस तरह की एक यात्रा सात नवंबर से शुरू हो रही है।
एक बयान में बताया गया, "पहली रामायण सर्किट ट्रेन सात नवंबर को नई दिल्ली से रवाना होगी और उसके बाद चार और रेलगाड़ियां भी रवाना होंगी।"
दक्षिण भारत के धार्मिक पर्यटन बाजार के मद्देनजर IRCTC श्री रामायण यात्रा एक्सप्रेस-मदुरै का संचालन करेगा। यह ट्रेन मदुरै से शुरू होगी और हम्पी, नाशिक, चित्रकूट, इलाहाबाद, वाराणसी जाएगी और फिर मदुरै वापस आएगी।
यह ट्रेन 16 नवंबर को रवाना होगी। इसमें बताया गया कि श्री रामायण यात्रा एक्सप्रेस-श्री गंगानगर 25 नवंबर को रवाना होगी। इस ट्रेन के लिए आधिकारिक वेबसाइट www.irctctourism.com पर बुकिंग शुरू हो गई है।
उत्तर भारत के बजट सेगमेंट के यात्रियों के लिए, IRCTC श्री रामायण यात्रा एक्सप्रेस-श्री गंगानगर को अपनी तीर्थ स्पेशल टूरिस्ट ट्रेनों के साथ चला रहा है।
ट्रेन अबोहर-मलौत, भटिंडा, बरनाला, पटियाला, राजपुरा, अंबाला कैंट, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, दिल्ली कैंट, गुड़गांव, रेवाड़ी, अलवर, जयपुर, आगरा फोर्ट इटावा और कानपुर में बोर्डिंग और डी-बोर्डिंग पॉइंट के साथ श्री गंगानगर से शुरू होगी।