BCCI अध्यक्ष सौरव गांगुली ने कहा कि जब तक कोरोनावायरस के कारण परेशानी बहुत ज्यादा गंभीर नहीं होगा, तब तक इंडियन प्रीमियर लीग 2022 (IPL 2022) के भारत में ही कराने की संभावना है। भारत के पूर्व कप्तान ने यह भी कहा कि बोर्ड IPL के 15वें एडिशन के लीग फेज की मेजबानी मुंबई और पुणे में करने की प्लानिंग बना रहा है। गांगुली ने हालांकि, यह साफ नहीं किया कि क्या आयोजन स्थलों पर भीड़ की अनुमति होगी।
गांगुली ने स्पोर्टस्टार को IPL 2022 के वेन्यू के बारे में पूछे जाने पर बताया, "IPL भारत में ही खेला जाएगा जब तक कोविड-19 से कोई ज्यादा परेशानी खड़ी नहीं होती है।"
उन्होंने कहा, "जहां तक वेन्यू का सवाल है, हम महाराष्ट्र-मुंबई और पुणे में मैचों की मेजबानी करने पर विचार कर रहे हैं। हम नॉकआउट फेज के लिए वेन्यू पर बाद में फैसला करेंगे।"
BCCI ने अभी तक आधिकारिक तौर पर IPL 2022 की शुरुआत की तारीख की घोषणा नहीं की है, लेकिन बोर्ड सचिव जय शाह ने संकेत दिया था कि टूर्नामेंट मार्च के अंत में शुरू होने की संभावना है।
यह आईपीएल दो नई फ्रेंचाइजी - लखनऊ सुपर जायंट्स और अहमदाबाद टीम भी जुड़ने जा रही हैं, जिससे IPL में कुल टीमों की संख्या 10 हो जाएगी।
सभी फ्रेंचाइजी 12 और 13 फरवरी को बेंगलुरु में होने वाली दो दिवसीय मेगा ऑक्शन में सही खिलाड़ियों को चुनकर एक मजबूत टीम बनाने की कोशिश करेंगी। कुल 590 क्रिकेटरों के लिए बोली लगाई जाएगी और सभी की निगाहें रविचंद्रन अश्विन, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन, युजवेंद्र चहल, डेविड वार्नर, क्विंटन डी कॉक, पैट कमिंस, फाफ डु प्लेसिस, जोफ्रा आर्चर जैसे बड़े नामों पर होंगी।
33 क्रिकेटरों को पहले ही 10 फ्रेंचाइजी ने रिटेन कर लिया है, जो अब सुपरस्टार्स के इर्द-गिर्द एक टीम बनाने की कोशिश करेंगी।