भारत की शीर्ष निशानेबाज मनु भाकर ने मंगलवार को खेल रत्न न मिलने पर एक बयान जारी किया। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता ने मौजूदा मुद्दे पर अपना रुख साफ करते हुए माना कि नामांकन दाखिल करते समय उनकी ओर से ही कोई चूक हुई होगी। भाकर एक ही ओलंपिक में दो मेडल जीतने वाली पहली भारतीय बनीं। उन्हें प्रतिष्ठित खेल रत्न सम्मान के लिए शॉर्टलिस्ट नहीं किया गया था। इस मामले पर आगे बोलते हुए, भाकर ने बताया कि "सुधार" किए जा रहे हैं। सात ही उन्होंने इस पर कैसे भी अटकलें न लगाने की अपील भी की।
इसके अलावा, उन्होंने यह भी बताया कि एक एथलीट के रूप में उनकी भूमिका देश का नाम रोशन करना है और पुरस्कार और मान्यता उनका लक्ष्य नहीं है।
उन्होंने आगे कहा, "सबसे प्रतिष्ठित खेल रत्न पुरस्कार के लिए मेरे नामांकन को लेकर चल रहे मुद्दे के संबंध में - मैं बताना चाहूंगी कि एक एथलीट के रूप में मेरी भूमिका अपने देश के लिए खेलना और प्रदर्शन करना है। पुरस्कार और मान्यता मुझे प्रेरित करते हैं, लेकिन ये मेरा लक्ष्य नहीं हैं।"
शूटर ने अपने बयान में कहा, "मेरा मानना है कि नामांकन दाखिल करते समय शायद मेरी ओर से कोई गलती हुई है, जिसे ठीक किया जा रहा है। पुरस्कार के बावजूद मैं अपने देश के लिए और ज्यादा मेडल जीतने के लिए प्रेरित रहूंगी। सभी से अनुरोध है, कृपया इस मामले पर अटकलें न लगाएं।"
इससे पहले मनु भाकर के पिता ने अपनी बेटी को देश का सर्वोच्च खेल सम्मान नहीं दिए जाने पर अपनी निराशा जताई थी। उनके पिता ने कहा कि राम किशन भाकर ने कहा कि शूटर भारतीय नौकरशाही के रवैये से निराश और परेशान हैं।