Tamil Nadu Rain: तमिलनाडु में मूसलाधार बारिश से कई जिलों में स्कूल बंद, बेंगलुरु में भी बरसेंगे बादल

Tamil Nadu Rains: भारी बारिश के मद्देनजर अधिकारियों ने चेन्नई, तिरुवल्लूर, चेंगलपेट, कांचीपुरम, विल्लुपुरम, रामनाथपुरम, तंजावुर, मयिलादुथुराई और कुड्डालोर जिले में स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। IMD ने चेन्नई, तिरुवल्लूर, चेंगलपेट, कांचीपुरम, विल्लुपुरम, कल्लाकुरिची, तिरुवरूर, तंजावुर जिलों में और अधिक बारिश होने की आशंका जताई है

अपडेटेड Dec 13, 2024 पर 12:50 PM
Tamil Nadu Rains: तमिलनाडु सरकार ने बुधवार रात से जारी भारी बारिश के कारण स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है

Tamil Nadu Rains: तमिलनाडु के कई हिस्सों में शुक्रवार (13 दिसंबर, 2024) को मूसलाधार बारिश जारी रहने के कारण कई जिला कलेक्टरों ने स्कूलों में छुट्टी की घोषणा की है। चेन्नई, तिरुवल्लूर, चेंगलपेट और कांचीपुरम के अलावा विल्लुपुरम तथा कावेरी डेल्टा क्षेत्र के कुछ इलाकों में बुधवार और गुरुवार को रातभर बारिश हुई। भारी बारिश के मद्देनजर अधिकारियों ने चेन्नई, तिरुवल्लूर, चेंगलपेट, कांचीपुरम, विल्लुपुरम, रामनाथपुरम, तंजावुर, मयिलादुथुराई और कुड्डालोर जिले में स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। क्षेत्रीय मौसम कार्यालय ने केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी के अलावा राज्य के चेन्नई, तिरुवल्लूर, चेंगलपेट, कांचीपुरम, विल्लुपुरम, कल्लाकुरिची, तिरुवरूर, तंजावुर जिलों में और अधिक बारिश होने की आशंका जताई है।

दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में श्रीलंका के तट के पास निम्न दबाव क्षेत्र मौजूद है। मध्य-क्षोभमंडल स्तर तक फैले ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण के साथ अगले 24 घंटों में यह प्रणाली पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर श्रीलंका-तमिलनाडु तटों की ओर बढ़ने की उम्मीद है। इसके कारण क्षेत्र में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। चेन्नई, तिरुवल्लूर, कांचीपुरम, चेंगलपट्टू, तिरुवन्नामलाई, विल्लुपुरम, कल्लाकुरिची, कुड्डालोर, पेरम्बलुर, तिरुचि, शिवगंगा, रामनाथपुरम, मयिलादुथुराई, नागपट्टिनम, कोयंबटूर, तिरुपुर, करूर, थेनी, डिंडीगुल, मदुरै, विरुधुनगर, तेनकासी और थूथुकुडी सहित कई जिलों को बारिश के पूर्वानुमान के कारण येलो अलर्ट पर रखा गया है।

येलो अलर्ट जारी


क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) ने निम्न दबाव प्रणाली का हवाला देते हुए गुरुवार को तमिलनाडु के कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस प्रणाली के तूफान में तब्दील होने की आशंका बहुत कम है। बुधवार को चेन्नई और पड़ोसी जिलों में मध्यम से भारी बारिश हुई। बारिश के अगले 24 घंटों तक जारी रहने की उम्मीद है।

पूर्वोत्तर मानसून मौसम (1 अक्टूबर से 10 दिसंबर) के दौरान, तमिलनाडु में 14 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है, जो औसत 393 मिमी के मुकाबले 447 मिमी है। चेन्नई में 845 मिमी बारिश हुई है, जो औसत से 16 प्रतिशत अधिक है, जबकि कोयंबटूर में बारिश में 47 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मछुआरों को समुद्र में जाने से बचने की सलाह दी गई है। जो लोग समुद्र में हैं, उनसे तुरंत तट पर लौटने की अपील की गई है।

ये भी पढे़ं- IndiGo के 400 से अधिक यात्री इस्तांबुल एयरपोर्ट पर फंसे, 24 घंटे से भूखे हैं लोग, X पर निकाली भड़ास

बेंगलुरु में भी येलो अलर्ट जारी

गुरुवार को भारी बारिश के बाद बेंगलुरु में शुक्रवार को फिर से भारी बारिश होने की आशंका है। आईएमडी ने 13 दिसंबर के लिए कर्नाटक की राजधानी में येलो अलर्ट जारी किया है। बेंगलुरु में न्यूनतम और अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। उत्तर-पूर्व से 16 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। कर्नाटक राज्य प्राकृतिक आपदा निगरानी केंद्र (KSNDMC) ने बारिश के लिए बंगाल की खाड़ी में दबाव के क्षेत्र को जिम्मेदार ठहराया है। कुछ दक्षिणी जिलों में भारी बारिश और गरज के साथ बारिश की चेतावनी दी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।