ग्लोबल इकोनॉमी में भारी उथल-पुथल के चलते साल 2022 दुनिया के शीर्ष अमीरों के लिए एक बुरा साल रहा। ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया के 500 सबसे अमीर लोगों की संपत्ति 2022 में करीब 1.4 लाख करोड़ डॉलर घट गई। जिन लोगों की संपत्ति डूबी है, उनमें सबसे ऊपर नाम एलॉन मस्क का है। मस्क दुनिया के अबतक के पहले ऐसे इंसान बन गए हैं, जिनकी संपत्ति में करीब 200 अरब डॉलर की गिरावट दर्ज की गई है। टेस्ला और ट्विटर जैसी कंपनियों के मालिक एलॉन मस्क इससे पहले जनवरी 2021 में 200 अरब डॉलर से अधिक की संपत्ति बनाने वाले दुनिया के दूसरे व्यक्ति बने थे। मस्क के अलावा और भी कई बड़े अरबपतियों ने साल 2022 में अपनी संपत्ति का एक बड़ा हिस्सा गवांया है। आइए जानते हैं दुनिया के किन शीर्ष 5 अरबपतियों ने 2022 में अपनी सबसे अधिक संपत्ति खोई है-
