ऑनलाइन फ्री स्क्रीन रिकॉर्डिंग टूल मुहैया कराने वाली लूम (Loom) के को-फाउंडर विनय हीरेमठ (Vinay Hiremath) अमीर होने के बाद काफी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। भारतीय मूल के आंत्रप्रेन्योर विनय ने वर्ष 2023 में अपना स्टार्टअप Atlassian को 97.5 करोड़ डॉलर (8368.59 करोड़ रुपये) में बेचा था जिससे उन्होंने अरबों रुपये की कमाई हुई। करोड़ों की दौलत मिलने के बाद उन्होंने एक ब्लॉग पोस्ट के जरिए कहा कि उनके पास अब काफी पैसा है लेकिन उन्हें इसका कोई अंदाजा भी नहीं है कि अब अपनी जिंदगी के साथ क्या करें।
अरबों की दौलत के बावजूद कंफ्यूज क्यों?
विनय ने एक ब्लॉगपोस्ट में लिखा कि पिछले साल साल जिंदगी में कुछ करने की इच्छा ही नहीं रह गई है। उन्होंने लिखा कि अपनी कंपनी बेचने के बाद अब ऐसी स्थिति आ गई है, जिसमें फिर कभी काम करने की जरूरत नहीं है। विनय का कहना है कि अब पैसे कमाने या स्टेटस हासिल करने की कोई इच्छा नहीं रह गई है। उन्होंने कहा कि वह पूरी तरह से आजाद हैं लेकिन उन्हें नहीं पता कि इस असीमित आजादी का क्या किया जाए। स्थिति तो ये है कि वह जिंदगी को लेकर अब बहुत पॉजिटिव भी नहीं हैं।
जिंदगी के अहम हिस्सों का जिक्र कर अगले सफर का किया खुलासा
विनय ने अपनी जिंदगी के कुछ अहम हिस्सों का भी जिक्र किया जिसे लेकर उनका कहना है कि वे इसका मतलब निकालने की कोशिश कर रहे हैं। विनय ने कहा कि दो साल तक बिना शर्त रिलेशनशिप में रहने के बाद उनका गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप हो गया। यह ब्रेकअप विनय की ही अनसिक्योरिटी के चलते हुआ और विनय ने इसे काफी दर्दनाक बताया है। हालांकि उन्होंने आगे यह भी कहा कि यह सही फैसला था। उन्होंने बिना नाम लिए अपनी पूर्व गर्लफ्रेंड से माफी भी मांगी और लिखा अगर एक्स यह पढ़ रही हैं, तो धन्यवाद सब कुछ के लिए। उन्होंने आगे इस बात पर खेद जताया था कि वह वे नहीं बन सके जो उसे चाहिए था।
स्टार्टअप को बेचने के बाद वह इसमें रहना तो नहीं चाहते थे लेकिन सीटीओ (चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर) के 6 करोड़ डॉलर के पैकेज को छोड़ने में उन्हें मुश्किल हो रही थी। इसके बाद जब इसी उलझन के बीच वह 'रेडवुड्स' में गए, तो उन्होंने काम छोड़कर 'फिर से नए सफर के लिए कुछ भी करने' का फैसला किया। अगले दो हफ्ते वह दर्जनों निवेशकों और रोबोटिक एक्सपर्ट्स से मिले लेकिन उन्हें कुछ प्रेरित नहीं कर सकता है। अपने ब्लॉग पोस्ट में उन्होंने इस बात का जिक्र किया है कि वह वास्तव में एलॉन मस्क की तरह बनना चाहते थे लेकिन अब इसका जिक्र करते हुए भी दुख हो रहा है।
33 वर्षीय विनय फिर बिना किसी अनुभव के हिमालय की चढ़ाई करने निकल पड़े, लेकिन बीमार हो गए। जब वह ठीक हुए, तो उनके दोस्तों ने सुझाव दिया कि वह एलन मस्क और विवेक रामस्वामी से DOGE पर संपर्क करें। उन्होंने ऐसा किया और वहां एक नौकरी भी हासिल की, लेकिन जल्द ही यह महसूस किया कि यह उनके लिए नहीं है। विनय के मुताबिक चार व्यस्त हफ्ते के बाद उन्होंने ट्रंप सरकार के साथ काम शुरू करने का अपना विचार छोड़ दिया और हवाई (Hawaii) चले गए। अब वह फिजिक्स पढ़ रहे हैं और एक कंपनी शुरू करने की योजना बना रहे हैं जो वास्तविक दुनिया से जुड़ी चीजें तैयार करेगी। उनका कहना है कि भले ही यह कंपनी लूम जैसी ऊंचाइयों तक न पहुंचे, लेकिन यह ठीक रहेगा।