सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर हाल ही में एक पोस्ट वायरल हुई है, जिसे लेकर कहा जा रहा है कि यह एक तरह से अरबपति उद्यमी एलॉन मस्क (Elon Musk) की हत्या का सुझाव देती है। वायरल पोस्ट से ऑनलाइन विवाद शुरू हो गया है। यह हंगामा कॉरपोरेट लीडरशिप और जवाबदेही को लेकर बढ़े तनाव के बाद हुआ है, खासकर न्यूयॉर्क शहर में यूनाइटेडहेल्थकेयर के सीईओ ब्रायन थॉम्पसन की हाई-प्रोफाइल हत्या के बाद। इस हत्या को कथित तौर पर बाल्टीमोर के एक प्रमुख परिवार से आइवी लीग ग्रेजुएट 26 वर्षीय लुइगी मैंगियोन ने अंजाम दिया था। मैंगियोन के एक्शंस ने गरमागरम बहस छेड़ दी है।
कुछ ऑनलाइन कम्युनिटीज उन्हें अमेरिकी हेल्थकेयर सिस्टम में कथित खामियों के खिलाफ विरोध के प्रतीक के रूप में सराह रही हैं। इस मामले ने पब्लिक पॉलिसीज पर CEOs के प्रभाव के बारे में चर्चाओं को भी हवा दी है, जिससे राय और भी बंट गई है।
क्या लिखा है वायरल पोस्ट में
प्लेटफॉर्म X पर बिल शीया नामक एक यूजर की ओर से डाली गई पोस्ट ने तुरंत लोगों का ध्यान खींचा, जिसके बाद आरोप लगाए गए कि सोशल मीडिया यूजर ने मस्क को नुकसान पहुंचाने का सुझाव दिया है। बिल शीया ने X पेज, ‘रिपब्लिकंस अगेंस्ट ट्रंप’ से एक स्क्रीनशॉट शेयर किया, जिसमें एलॉन मस्क की तुलना जॉर्ज सोरोस से करने वाला एक स्टेटमेंट था। इसमें लिखा था, “एलॉन मस्क वह सब कुछ हैं, जिसे लेकर MAGA रिपब्लिकंस ने जॉर्ज सोरोस पर आरोप लगाया था।”
यह स्टेटमेंट एलॉन मस्क की सरकारी खर्च बिल पर उस पोस्ट को लेकर था, जिसमें उन्होंने कहा था, 'सदन या सीनेट का कोई भी सदस्य जो क्रूर खर्च बिल के पक्ष में मतदान करता है, उसे दो वर्षों में बाहर कर दिया जाना चाहिए।'
स्क्रीनशॉट शेयर करते समय शीया ने अपनी पोस्ट में लिखा, “दोस्तों, कृपया यह न भूलें कि मस्क कई कंपनियों के CEO हैं। मैं फिर से कहता हूं, वह एक CEO हैं। आप उस जानकारी के साथ, जो चाहें करें।” शीया की इस पोस्ट को कई लोगों ने मस्क की हत्या का आह्वान करार दिया और इसे बड़े पैमाने पर शेयर किया गया। वायरल पोस्ट को मिल रहे रिस्पॉन्स और कमेंट्स के कारण शीया ने अपना X अकाउंट डीएक्टिवेट कर दिया है।