लोन के लिए लाश को जिंदा बनाकर बैंक पहुंची महिला, ऐसे खुली पोल

बैंक में महिला यह दिखाने की कोशिश कर रही थी कि वह बुजुर्ग पेपर्स पर साइन कर रहा है। फॉरेंसिंक टीम का कहना है कि व्यक्ति बैंक में आने से पहले ही मर चुका था। यह घटना ब्राजील की राजधानी रियो डि जेनेरियो में Itau Bank की एक ब्रांच में घटी है। पुलिस ने महिला को धोखाधड़ी की कोशिश करने और शव को अपवित्र करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है

अपडेटेड Apr 18, 2024 पर 12:39 PM
महिला उस व्यक्ति के नाम पर लगभग 3,250 डॉलर का लोन लेना चाह रही थी।

ब्राजील में एक बेहद ही अमानवीय घटना सामने आई है। एक महिला लोन के लिए 68 वर्षीय व्यक्ति को व्हीलचेयर पर लेकर बैंक पहुंच गई। लेकिन वह बुजुर्ग घंटों पहले दम तोड़ चुका था। यह घटना और इससे जुड़े विजुअल्स सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। महिला उस बुजुर्ग के नाम पर लोन चाहती थी। यह घटना ब्राजील की राजधानी रियो डि जेनेरियो में Itau Bank की एक ब्रांच में घटी है। ब्राजील की मीडिया की रिपोर्ट्स में कहा गया है कि महिला का दावा था कि वह 68 वर्षीय इंसान उसका अंकल है और वह उसकी भतीजी।

महिला उस व्यक्ति के नाम पर 17,000 रियास (लगभग 3,250 डॉलर, करीब 2.7 लाख रुपये) का लोन लेना चाह रही थी। सीएनएन के मुताबिक, यह लोन बैंक की ओर से पहले ही अप्रूव हो चुका था लेकिन पेपर्स पर बुजुर्ग के सिग्नेचर की जरूरत थी। न्यूज साइट G1 की एक रिपोर्ट में लोकल इनवेस्टीगेशन चीफ फैबियो लुइस के हवाले से कहा गया कि महिला यह दिखाने की कोशिश कर रही थी कि वह बुजुर्ग पेपर्स पर साइन कर रहा है। लेकिन वह बैंक में आने से पहले ही मर चुका था।

बैंक के एक कर्मचारी द्वारा बनाए गए वीडियो से सामने आया कि महिला उस मृत व्यक्ति के हाथ में पेन थमाकर उससे लोन के पेपर पर साइन करवाने की कोशिश करती है। लेकिन उस शख्स का सिर बार-बार पीछे की ओर लुढ़क जाता है, जिस पर महिला उसके सिर को बार-बार उठाती है और साइन कराने की कोशिश करती है।


एंप्लॉयीज को हुआ शक तो बुलाई मेडिकल टीम

यह सब देखकर बैंक के एंप्लॉयीज को शक हो जाता है और वे एमर्जेंसी सर्विसेज को बुलाते हैं। जब एमर्जेंसी वर्कर्स आए तो पता चला कि व्हीलचेयर पर जिंदा इंसान नहीं बल्कि लाश है। पुलिस ने महिला को धोखाधड़ी की कोशिश करने और शव को अपवित्र करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। इस बारे में जांच चल रही है कि व्यक्ति की मृत्यु कब और कैसे हुई। महिला के वकील ने आरोपों को नकारा है। वकील का तर्क है कि व्यक्ति की मौत बैंक में हुई लेकिन फॉरेंसिक जांच कहती है कि व्यक्ति बैंक में आने से पहले ही मर चुका था। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, महिला की पहचान Erika Vieira Nunes के तौर पर हुई है।

TIME’s 100 Most Influential People of 2024: आलिया भट्ट, साक्षी मलिक समेत 8 भारतीयों ने बनाई जगह

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।