TIME’s 100 Most Influential People of 2024: आलिया भट्ट, साक्षी मलिक समेत 8 भारतीयों ने बनाई जगह

TIME’s 100 Most Influential People of 2024: Time की यह सालाना लिस्ट विभिन्न देशों में दुनिया के सबसे प्रभावशाली लोगों की पहचान करती है। ताजा लिस्ट में कई भारतीयों और भारतीय मूल के लोगों ने जगह बनाई है। लिस्ट में ऐसे आर्टिस्ट, आइकन, फिल्म स्टार, एथलीट, वैज्ञानिक, राजनेता और बिजनेस लीडर शामिल हैं, जिन्होंने अपने काम से प्रभाव डाला है

अपडेटेड Apr 18, 2024 पर 10:42 AM
टाइम मैगजीन की लिस्ट कलाकार, आइकन और टाइटन्स जैसी कई कैटेगरीज में बंटी हुई है।

TIME’s 100 Most Influential People of 2024: Time मैगजीन ने 2024 के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों की लिस्ट जारी कर दी है। लिस्ट में ऐसे कलाकार, आइकन, फिल्म स्टार, एथलीट, वैज्ञानिक, राजनेता और बिजनेस लीडर शामिल हैं, जिन्होंने अपने काम से प्रभाव डाला है। लिस्ट कलाकार, आइकन और टाइटन्स जैसी कई कैटेगरीज में बंटी हुई है। Time की यह सालाना लिस्ट विभिन्न देशों में दुनिया के सबसे प्रभावशाली लोगों की पहचान करती है। ताजा लिस्ट में कई भारतीयों और भारतीय मूल के लोगों ने जगह बनाई है। आइए जानते हैं, कौन हैं ये भारतीय...

साक्षी मलिक

ओलंपिक पदक विजेता भारतीय पहलवान साक्षी मलिक को टाइम मैगजीन ने अपनी लिस्ट में जगह दी है। कुश्ती में भारत की एकमात्र महिला ओलंपिक पदक विजेता साक्षी को भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह द्वारा महिला पहलवानों के कथित यौन उत्पीड़न के खिलाफ उनकी लड़ाई के लिए इस लिस्ट में जगह दी गई है। साक्षी ने दो बार की विश्व चैम्पियनशिप की कांस्य पदक विजेता विनेश फोगाट और टोक्यो ओलंपिक के कांस्य विजेता बजरंग पूनिया के साथ दिल्ली के जंतर-मंतर पर बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया था।


आलिया भट्ट

टाइम मैगजीन के लिए अपने लेख में ब्रिटिश फिल्म निर्देशक टॉम हार्पर ने आलिया भट्ट को अद्भुत प्रतिभा बताया है। आलिया भट्ट को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिल चुका है। वह भारत की हाइएस्ट पेड एक्ट्रेस में से एक हैं और Gucci की ब्रांड एंबेसडर हैं। उन्होंने पिछले साल नेटफ्लिक्स के शो "हार्ट ऑफ स्टोन" से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शुरुआत की।

देव पटेल

देव पटेल भारतीय मूल के ब्रिटिश अभिनेता हैं। उनके माता-पिता भारतीय गुजराती हिंदू हैं। देव पटेल ने "स्लमडॉग मिलियनेयर" के साथ बड़े पर्दे पर धमाकेदार शुरुआत की थी। इस फिल्म ने उन्हें 2008 में अंतर्राष्ट्रीय ख्याति दिलाई। उन्होंने इस साल "मंकी मैन" के साथ अपने निर्देशन की शुरुआत की।

सत्या नडेला

माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला तीसरी बार टाइम की सबसे प्रभावशाली लोगों की लिस्ट में शामिल किए गए हैं। OpenAI में माइक्रोसॉफ्ट के निवेश और Mistral AI के साथ साझेदारी के साथ, नडेला बढ़ते AI मूवमेंट में सबसे आगे हैं। नडेला का जन्म हैदराबाद में हुआ था और उन्होंने संयुक्त राज्य अमेरिका जाने से पहले कर्नाटक में मणिपाल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से ग्रेजुएशन की थी।

अजय बंगा

भारत में जन्मे अजय बंगा आज वर्ल्ड बैंक के प्रेसिडेंट हैं। टाइम के लिए अपने लेख में, अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी जेनेट येलेन ने बंगा को एक आवश्यक संस्थान में बदलाव के महत्वपूर्ण कार्य को करने के लिए स्किल्ड लीडर बताया है। बंगा का जन्म पुणे में हुआ था और उन्होंने सेंट स्टीफन कॉलेज, दिल्ली से इकोनॉमिक्स में बैचलर्स की डिग्री हासिल की। वह 2007 में अमेरिकी नागरिक बन गए।

जिगर शाह

रिचर्ड ब्रैनसन कहते हैं, अमेरिकी ऊर्जा विभाग के लोन प्रोग्राम्स ऑफिस के डायरेक्टर, जिगर शाह ने दुनिया के अब तक के सबसे बड़े आर्थिक-विकास कार्यक्रमों में से एक का नेतृत्व किया है। उनका जन्म भारत में हुआ था, लेकिन जब वह एक साल के थे तो संयुक्त राज्य अमेरिका चले गए।

अस्मा खान

भारतीय मूल की ब्रिटिश नागरिक अस्मा खान रेस्टोरेंट ओनर और कुकबुक लेखिका हैं। लंदन में उनका रेस्टोरेंट दार्जिलिंग एक्सप्रेस अपनी ऑल फीमेल किचन के लिए प्रसिद्ध है। अस्मा को लेकर टाइम के लिए पद्मा लक्ष्मी ने लिखा, 'अस्मा का खाना सरप्राइजिंग है। इसका स्वाद रेस्टोरेंट के खाने जैसा नहीं है और यह सबसे बड़ा कॉम्प्लिमेंट है।'

प्रियंवदा नटराजन

प्रियंवदा नटराजन येल विश्वविद्यालय में एस्ट्रोनॉमी और फिजिक्स विभाग में प्रोफेसर हैं। वह डार्क मैटर और डार्क एनर्जी के की मैपिंग में अपने काम के लिए विख्यात हैं। नटराजन का जन्म तमिलनाडु में हुआ और उन्होंने दिल्ली पब्लिक स्कूल, आरके पुरम से पढ़ाई की।

एक करोड़ की Lamborghini स्पोर्ट्स कार पर लगाई आग, पैसों को लेकर हुआ था विवाद, देखें वीडियो

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।