राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) प्रमुख शरद पवार (Sharad Pawar) ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी में कोई फूट नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार (Ajit Pawar) NCP के नेता बने रहेंगे। पवार ने कहा कि उनका भतीजा अभी भी NCP का नेता है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ नेताओं ने 'अलग राजनीतिक रुख' अपनाकर NCP छोड़ दी है, लेकिन इसे पार्टी में फूट नहीं कहा जा सकता। NCP सुप्रीमो पवार पुणे जिले में अपने गृहनगर बारामती में पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह बात कही। बता दें कि शरद पवार की बेटी और पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने एक दिन पहले कहा था कि अजित पवार पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधायक हैं।
न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक शरद पवार ने कहा, "इसमें (पार्टी में) कोई मतभेद नहीं है कि वे (अजित पवार) हमारे नेता हैं। एनसीपी में कोई विभाजन नहीं है। किसी पार्टी में फूट कैसे पड़ती है? ऐसा तब होता है जब राष्ट्रीय स्तर पर कोई बड़ा समूह पार्टी से अलग हो जाता है लेकिन आज एनसीपी में ऐसी कोई स्थिति नहीं है। हां, कुछ नेताओं ने अलग रुख अपनाया लेकिन इसे फूट नहीं कहा जा सकता। वे लोकतंत्र में ऐसा कर सकते हैं।"
इससे पहले बारामती से लोकसभा सदस्य सुले ने अजित पवार के बारे में कहा था, "अब, उन्होंने एक ऐसा रुख अपनाया है जो पार्टी के खिलाफ है। हमने विधानसभा अध्यक्ष को शिकायत दी है और उनकी प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहे हैं।" 'NCP में कोई फूट नहीं होने और अजित पवार के पार्टी नेता होने" संबंधी सुप्रिया सुले के बयान के बारे में पूछे जाने पर शरद पवार ने कहा, "हां, इसमें कोई संशय नहीं है।"
उन्होंने कहा, "कोई कैसे कह सकता है कि राकांपा में फूट है? इसमें कोई संशय नहीं है कि अजित पवार हमारी पार्टी के नेता हैं।" NCP प्रमुख ने कहा, "किसी राजनीतिक दल में फूट का मतलब क्या है? फूट तब होती है जब किसी पार्टी का एक बड़ा समूह राष्ट्रीय स्तर पर अलग हो जाता है, लेकिन यहां ऐसा कुछ नहीं हुआ है। कुछ लोगों ने पार्टी छोड़ दी, कुछ ने अलग रुख अपना लिया… लोकतंत्र में निर्णय लेना उनका अधिकार है।" बता दें कि अजित पवार और आठ अन्य NCP विधायक दो जुलाई को राज्य में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना-भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार में शामिल हो गए थे।