अमेरिका के पू्र्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) की सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर धमाकेदार वापसी हुई है। X को पहले ट्विटर (Twitter) के नाम से जाना जाता था। काफी लंबे समय बाद उनकी वापसी हुई है। पिछले साल अकाउंट बहाल होने के बाद ट्रंप ने शुक्रवार को X पर पहला पोस्ट किया। अमेरिका के राष्ट्रपति पद के चुनाव में अपनी हार को पलटने की साजिश रचने के आरोप में अटलांटा की जेल में आत्मसमर्पण करने के कुछ देर बाद ही ट्रंप ने X का ढाई साल के अंतराल के पश्चात पहली बार इस्तेमाल किया।
ट्रंप ने धन जुटाने वाली अपनी वेबसाइट के लिंक के साथ अपना 'मगशॉट' (गिरफ्तारी के बाद कैदी के रूप में ली जाने वाली तस्वीर) भी शेयर किया। साथ ही लिखा, "चुनाव में हस्तक्षेप। कभी आत्मसमर्पण नहीं।"
मगशॉट जॉर्जिया चुनाव परिणाम पलटने के मामले में उनकी गिरफ्तारी के बाद फुल्टन काउंटी शेरिफ ऑफिस की तरफ से जारी किया गया है। अमेरिकी कानूनों के मुताबिक, अमेरिका की पुलिस जेल में लाए गए कैदी के चेहरे की तस्वीर खींचती है, जिसे मगशॉट कहते हैं।
ट्विटर ने 8 जनवरी, 2021 को ट्रंप का आधिकारिक अकाउंट अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया था। इसके बाद यह ट्रंप का पहला ट्वीट है। अमेरिकी कैपिटल (अमेरिकी संसद परिसर) इमारत पर हमला करने के आरोपों के बाद ही उनका ट्विटर अकाउंट बंद किया गया था।
इससे पहले ट्रंप ने 8 जनवरी 2021 को ट्वीट किया था, जिसके बाद उनके ट्विटर यानी आज के X अकाउंट को ब्लॉक कर दिया गया था। ट्रंप का ट्वीट वायरल हो गया है। उनके पोस्ट को अभी तक 66 मिलियन से अधिक लोग देख चुके हैं।
ट्रंप को धोखाधड़ी और साजिश के आरोप में गुरुवार को फुल्टन काउंटी जेल में औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया। हालांकि, 20 मिनट के बाद ही दो लाख डॉलर के मुचलके पर उन्हें रिहा कर दिया गया।
X पर ट्रंप के पहले पोस्ट पर टेस्ला के CEO और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के मालिक एलॉन मस्क (Elon Musk) ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने लिखा, "नेक्स्ट-लेवल।" पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति पर जॉर्जिया में 2020 के चुनाव परिणामों को पलटने के लिए 18 अन्य प्रतिवादियों के साथ मिलीभगत करने का आरोप है।