Get App

Amazon के सीनियर मैनेजर की दिल्ली में गोली मारकर हत्या, दोस्त हुआ घायल

Murder in Delhi: दिल्ली के भजनपुरा में मंगलवार देर रात अमेजॉन (Amazon) कंपनी के सीनियर मैनेजर की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। इस हमले में मैनेजर का दूसरा साथी घायल हो गया है। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। यह वारदात 29 अगस्त को देर रात पांच अज्ञात बदमाशों द्वारा अंजाम दिया गया। यह घटना रात करीब 11:30 बजे भजनपुरा के सुभाष विहार इलाके की एक संकरी गली में हुई।

Akhileshअपडेटेड Aug 30, 2023 पर 12:26 PM
Amazon के सीनियर मैनेजर की दिल्ली में गोली मारकर हत्या, दोस्त हुआ घायल
Delhi News: स्कूटर और मोटरसाइकिल पर सवार पांच बदमाशों ने 36 वर्षीय हरपीत सिंह और उनके दोस्त 32 वर्षीय गोविंद सिंह पर गोलियां चला दीं

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के भजनपुरा में मंगलवार देर रात अमेजॉन (Amazon) कंपनी के सीनियर मैनेजर की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। इस हमले में मैनेजर का दूसरा साथी घायल हो गया है। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। यह वारदात 29 अगस्त को देर रात पांच अज्ञात बदमाशों द्वारा अंजाम दिया गया। यह घटना रात करीब 11:30 बजे भजनपुरा के सुभाष विहार इलाके की एक संकरी गली में हुई। दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने न्यूज 18 को बताया कि 29 अगस्त को रात 11:53 बजे कॉल आया कि भजनपुरा के सुभाष विहार की गली नंबर 8/4, में फायरिंग हुई है।

स्कूटर और मोटरसाइकिल पर सवार पांच बदमाशों ने 36 वर्षीय हरपीत सिंह और उनके दोस्त 32 वर्षीय गोविंद सिंह पर गोलियां चला दीं। जब उन पर हमला हुआ तो दोनों दोस्त अपनी मोटरसाइकिल पर थे। समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने बताया, " शुरुआती जांच में यह पाया गया कि हरप्रीत (मृतक) और गोविंद (घायल) गली नंबर 8 के पास अपनी बाइक पर सवार थे, तभी स्कूटी और बाइक पर सवार पांच लड़कों ने उन्हें रोक लिया। हमलावरों ने बिना किसी उकसावे के उनपर गोलियां चलाईं और मौके से भाग गए।"

अभी भी हमलावर फरार

PTI के मुताबिक, हरपीत गिल अमेजॉन में सीनियर मैनेजर के रूप में काम करते थे। जबकि गोविंद सिंह एक रेस्टोरेंट के मालिक थे। पुलिस उपायुक्त (उत्तरपूर्व) जॉय टिर्की ने कहा कि गिल के सिर के दाहिनी ओर गोली मारी गई। गोली उनके कान के पीछे से सिर में घुस गई और दूसरी तरफ से निकल गई। पुलिस ने कहा कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें