Russia-Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध का आज (बुधवार) 14वां दिन है। रूस और यूक्रेन जंग के बीच चीन के रक्षा बजट में भारी बढ़ोतरी की है, जो भारत जैसे पड़ोसी देशों की चिंताए बढ़ाने वाली हैं। चीन पिछले कुछ सालों से लगातार रक्षा बजट बढ़ा रहा है। शनिवार को एक बार फिर चीन अपने रक्षा बजट में 7.1 प्रतिशत की भारी बढ़ोतरी की है।
चीन ने शनिवार को अपने रक्षा बजट में 7.1 प्रतिशत की वृद्धि कर 230 अरब डॉलर करने का प्रस्ताव किया है जो पिछले साल के 209 अरब डॉलर के मुकाबले 21 अरब डॉलर अधिक है। चीन के रक्षा बजट में उछाल पर देश के दिग्गज कारोबारियों में शुमार महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा (Anand Mahindra) ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है।
चीन के रक्षा बजट में बढ़ोतरी पर आनंद महिंद्रा ने ट्विटर पर साफ लिखा है कि साइज मायने नहीं रखता है। उद्योगपति ने कहा कि युद्ध का भविष्य इस बात पर निर्भर नहीं करेगा कि कोई देश रक्षा पर कितना खर्च करता है बल्कि वह कितनी चतुराई से खर्च करता है।
आनंद महिंद्रा ने चीनी रक्षा बजट में बढ़ोतरी से जुड़ी एक खबर को शेयर करते हुए लिखा है कि 'साइज मायने नहीं रखता।' युद्ध का भविष्य अलग होगा। यूक्रेन में हथियारबंद ड्रोन टैंकों के काफिले पर कहर बरपा रहे हैं। यह मायने नहीं रखता कि हम कितना खर्च करते हैं, बल्कि यह मायने रखता है कि हम कितनी चतुराई से खर्च करते हैं...
चीन के सरकारी अखबार चाइना डेली ने प्रधानमंत्री ली केकियांग द्वारा नेशनल पीपुल्स कांग्रेस (एनपीसी) में शनिवार को पेश मसौदा बजट के हवाले से बताया कि चीन की सरकार ने वित्त वर्ष 2022 के लिए 1.45 खरब (ट्रिलियन) युआन के रक्षा बजट का प्रस्ताव किया है जो पिछले साल के मुकाबले 7.1 प्रतिशत अधिक है।
इस वृद्धि के साथ चीन का रक्षा बजट भारत के रक्षा बजट (लगभग 70 अरब डॉलर) के मुकाबले तीन गुना हो गया है। पिछले साल चीन का रक्षा बजट 200 अरब डॉलर के पार गया था। चीन ने वित्त वर्ष 2021 में अपने रक्षा बजट में 6.8 प्रतिशत की वृद्धि की थी जिससे उसका कुल रक्षा बजट 209 अरब डॉलर हो गया था।
चीनी प्रधानमंत्री ने संसद में पेश कार्य रिपोर्ट में पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) की युद्ध तैयारी को वृहद तरीके से मजबूत करने पर जोर दिया। चीन द्वारा रक्षा बजट में वृद्धि का प्रस्ताव भारत के साथ पूर्वी लद्दाख में गतिरोध और अमेरिका के साथ बढ़ते राजनीतिक और सैन्य तनाव के बीच आया है। अमेरिका के बाद चीन रक्षा बजट पर खर्च करने के मामले में दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा देश है।