Anand Mahindra shares video : आनंद महिंद्रा ने बुधवार, 23 नवंबर को फुटबाल के एक जापानी फैन का प्रेरणादायी वीडियो शेयर किया, जो मेजबान देश यानी कतर और इक्वाडोर के बीच मैच उद्घाटन मैच के बाद कतर स्टेडियम (Qatar stadium) की सफाई कर रहा था। ऐसा पहली बार नहीं है कि जापान के फैन्स विशेषकर स्टेडियम में अपने पीछे कोई गंदगी छोड़कर नहीं जाना चाहते। महिंद्रा ग्रुप (Mahindra Group) के चेयरपर्सन ने कहा, वह इस बात से खुश हैं कि कैमरे ने उसे स्पॉट किया। हालांकि वह ऐसा चर्चा में आने के लिए नहीं कर रहा है।
यह वीडियो मूलरूप से कतर के वीडियो क्रिएटर उमर अल फारुख ने शेयर किया है। उन्होंने लिखा है कि यह वीडियो दिखाता है कि यह पूर्वी एशियाई देश कितना अनुशासित है। यहां के लोग कितने मानवीय हैं और कितनी बेहतर संस्कृति को फॉलो करते हैं। फारुख ने यह भी लिखा कि यह तब किया गया, जबकि उनके देश का मैच भी नहीं था।
फारुख ने जब उन जापानियों से पूछा कि आप लोग ऐसा क्यों कर रहे हैं तो उन्होंने जवाब दिया कि हम जापानी लोग अपने पीछे गंदगी छोड़कर नहीं जाते हैं। हम सभी स्थानों का सम्मान करते हैं। एक फैन जो कि कतर टीम की जर्सी पहने हुए था, उसने कहा कि हम यह सब कैमरे पर आने के लिए नहीं कर रहे हैं।
मैच के बाद रुके रहे दर्जन भर जापानी
एक यूजर ने लिखा, वाह शानदार! दर्जनभर जापानी फैंस मैच खत्म होने के बाद भी रुके रहे और स्टेडियम में सफाई की। जब सारे लोग मैच खत्म होने के बाद बाहर निकलने की जल्दी में थे तो दर्जन भर जापानी फैंस अपने साथ लाए कैरी बैग में स्टेडियम का कचरा इकट्ठा कर रहे थे। यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है।