अशनीर ग्रोवर ने हर बार खुलकर बताया कि उन्हें स्पोर्टस कार कितनी पसंद है। अपने बेबाक खुलासे के लिए अशनीर ग्रोवर मशहूर हैं। और अब उन्होंने एक नया खुलासा कर दिया है। अशनीर ग्रोवर ने कहा है कि Zomato के फाउंडर और CEO दीपिंदर गोयल ने हर राउंड की फंडिंग के बाद स्पोर्ट्स कार खरीदी है। BharatPe के पूर्व को-फाउंडर और शार्क टैंक के पहले सीजन के जज अशनीर ग्रोवर ने 'वगैरह वगैरह' शो पर बताया कि, "उनके पास 4 कारे हैं।" उन्होंने कहा, "मुझे कार का शौक है और यह सिर्फ मेरा ही शौक नहीं है। यह सबका है। जैसे जोमैटो के फाउंडर हैं दीपिंदर, सबसे ज्यादा शौक उसको है। जब भी वह फंड जुटाता था उसकी नई स्पोर्ट्स कार आ जाती थी तो हम चिढ़ाते थे। वो कारों का दीवाना है।" वह 10 साल पहले से स्पोर्ट्स कार चला रहा है।
अशनीर ग्रोवर ने कहा कि Blinkit के फाउंडर और CEO अलबिंदर ढिंढसा ने भी फंडिंग के बाद रेंज रोवर (Range Rover) खरीदी थी।
अशनीर ग्रोवर ने कहा कि इसके बाद उन्होंने भी स्पोर्ट्स कार खरीदने का फैसला किया लेकिन सेकंड हैंड। उन्होंने बताया, "अगर मेरी नई कार पर कोई स्क्रैच आ जाता था तो मैं एक हफ्ते तक दुखी रहता था। लेकिन सेकेंड हैंड कार पर पहले से ही स्क्रैच पड़े रहते थे। अगर उस पर एक दो और स्क्रैच पड़ जाए तो बुरा नहीं लगता था। बल्कि सेकेंड हैंड कार मैं आसानी से चला सकता था क्योंकि उस पर स्क्रैच से बहुत डर नहीं था।"
अशनीर ग्रोवर ने कहा कि फंड जुटाने को लेकर उन्हें एक अंधविश्वास था। उन्हें यह लगता था कि जब तक वह नई कार नहीं खरीदेंगे तब तक वह फंड नहीं जुटा पाएंगे।
शार्क टैंक के पहले सीजन के जज ने बताया कि उन्होंने एक सेकेंड हैंड लग्जरी कार खरीदी जो उन्हें लगता था कि महेंद्र सिंह धोनी की है। उन्होंने कहा, "मैंने एक GLS (Mercedes-Benz GLS) झारखंड से खरीदी थी। उस गाड़ी का VIP नंबर था और डीलर ने मुझे पूरी तरह भरोसा दिला दिा कि यह कार धोनी की है।"