Asia Cup 2022: एशिया कप का शेड्यूल, भारत-पाकिस्तान मैच, लाइव स्ट्रीमिंग और टेलीकास्ट सहित जानें सभी डिटेल्स

पूर्व कप्तान विराट कोहली और फिर से फिट उप-कप्तान लोकेश राहुल की एशिया कप के लिए चुनी गई 15 सदस्यीय भारतीय टीम में वापसी हुई है। वहीं, अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पीठ की चोट के कारण बाहर हो गए हैं

अपडेटेड Aug 10, 2022 पर 1:57 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Asia Cup 2022 27 अगस्त से 11 सितंबर के बीच UAE में खेला जाना है

एशिया कप (Asia Cup 2022) के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया है। पूर्व कप्तान विराट कोहली और फिर से फिट उप-कप्तान लोकेश राहुल की एशिया कप के लिए चुनी गई 15 सदस्यीय भारतीय टीम में वापसी हुई है। वहीं, अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पीठ की चोट के कारण बाहर हो गए हैं। रोहित शर्मा ही टीम की कमान संभालेंगे।

एशिया कप 2022 संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दुबई और शारजाह में 27 अगस्त से 11 सितंबर तक खेला जाएगा। कोविड-19 के चपेट में आने के कारण राहुल वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछली सीरीज में भाग नहीं ले पाए थे। स्पोर्ट्स हर्निया सर्जरी से उबरने के बाद टीम में उनकी वापसी हुई है।

ये भी पढ़ें- दिल्ली में CNG वाहन चलाने वाले कृपया ध्यान दें, राजधानी में आज बंद रहेगी सीएनजी की सप्लाई!


मुख्य टीम से बाहर किए गए उल्लेखनीय नाम बल्लेबाज श्रेयस अय्यर और बाएं हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल का है। मांसपेशियों में खिंचाव और पीठ की चोट के कारण चार महीने से टीम से बाहर चल रहे तेज गेंदबाज दीपक चाहर भी रिजर्व खिलाड़ियों में शामिल हैं।

पसली की चोट से जूझ रहे हर्षल पटेल को भी मुख्य टीम में जगह नहीं मिली है। BCCI ने ट्विटर पर लिखा, ‘‘जसप्रीत बुमराह और हर्षल पटेल चोटों के कारण चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे। वे वर्तमान में बेंगलुरु में एनसीए में रिहैबिलिटेशन पर हैं।’’

कोच राहुल द्रविड़ और कप्तान रोहित शर्मा ने 5 सदस्यीय चयन समिति के साथ टी20 विश्व कप के लिए 20 मुख्य खिलाड़ियों की पहचान की है। इसमें एशिया कप के लिए चुने गए 15 खिलाड़ी , 3 स्टैंडबाय और 2 चोटिल खिलाड़ी (बुमराह और हर्षल) शामिल है।

पाकिस्तान से कब होगा मुकाबला

भारतीय क्रिकेट टीम एशिया कप में 28 अगस्त को पाकिस्तान का सामना करेगी। दोनों टीमों के बीच 4 सितंबर को सुपर फोर चरण में दूसरा मुकाबला हो सकता है। कार्यक्रम के मुताबिक भारत ग्रुप-A में पाकिस्तान और क्वालीफायर टीम के साथ है, जिसमें भारत और पाकिस्तान का सामना 28 अगस्त को होगा।

भारतीय टीम 31 अगस्त को ग्रुप की तीसरी टीम क्वालीफायर के साथ भिड़ेगी जबकि पाकिस्तान की टीम क्वालीफायर के खिलाफ दो सितंबर को खेलेगी। ग्रुप-B में बांग्लादेश, श्रीलंका और अफगानिस्तान की टीमें है।

ये भी पढ़ें- Shoaib Akhtar: अस्पताल में भर्ती हैं शोएब अख्तर, 11 साल बाद बताया क्यों वक्त से पहले लेना पड़ा था संन्यास

दोनों ग्रुप की शीर्ष दो-दो टीमें सुपर फोर चरण के लिए क्वालीफाई करेगी। इसकी काफी संभावना है कि ग्रुप-A से भारत और पाकिस्तान की टीमें सुपर फोर के लिए क्वालीफाई करेंगी, जिसमें दोनों टीमें 4 सितंबर को फिर से एक-दूसरे का सामना कर सकती है। सुपर फोर चरण की शीर्ष दो टीमें 11 सितंबर को खेले जाने वाले फाइनल के लिए क्वालीफाई करेगी।

एशिया कप 2022 लाइव स्ट्रीमिंग

एशिया कप 2022 के सभी मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होंगे। एशिया कप 2022 को भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क (Star Sports network) पर प्रसारित किया जाएगा। इसके अलावा डिज्नी+हॉटस्टार (Disney + Hotstar) ऑनलाइन कवरेज की लाइव स्ट्रीमिंग करेगा।

टीम इंडिया

रोहित शर्मा (कप्तान), लोकेश राहुल (उपकप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रविंद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, युजवेंद्र चहल, रवि बिश्नोई, भुवनेश्वर कुमार अर्शदीप सिंह, आवेश खान।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।