अरुणाचल प्रदेश के खिलाड़ियों को वीजा नहीं देने पर भारत ने जताया कड़ा ऐतराज, खेल मंत्री ने रद्द किया चीन दौरा

Asian Games 2023: विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने बताया कि चीन के भेदभावपूर्ण बर्ताव के खिलाफ भारत के विरोध के तौर पर केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने एशियाई खेलों के लिए चीन की अपनी निर्धारित यात्रा रद्द कर दी है

अपडेटेड Sep 22, 2023 पर 7:42 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Asian Games 2023: खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने चीन की अपनी निर्धारित यात्रा रद्द कर दी है

Asian Games 2023: भारत सरकार ने अरुणाचल प्रदेश (Arunachal Pradesh) के तीन एथलीटों को हांगझोउ में एशियाई खेलों के लिए आधिकारिक मान्यता न देने को लेकर चीन के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराया है। भारत ने शुक्रवार को कहा कि यह कृत्य खेल की भावना और उसके आचरण को नियंत्रित करने वाले नियमों का उल्लंघन करता है। इस बीच, केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर (Anurag Thakur) ने इस घटनाक्रम पर चीन की अपनी निर्धारित यात्रा रद्द कर दी है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने बताया कि चीन के भेदभावपूर्ण बर्ताव के खिलाफ भारत के विरोध के तौर पर केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने एशियाई खेलों के लिए चीन की अपनी निर्धारित यात्रा रद्द कर दी है।

बागची ने कहा कि भारत के पास अपने हितों की रक्षा के लिए उचित कदम उठाने का अधिकार है। उन्होंने कहा, "भारत सरकार को पता चला है कि चीनी प्राधिकारियों ने लक्षित और सोची-समझी योजना के तहत अरुणाचल प्रदेश राज्य के कुछ भारतीय खिलाड़ियों को आधिकारिक मान्यता और चीन के हांगझोउ में 19वें एशियाई खेलों में प्रवेश न देकर उनसे भेदभाव किया है।"


ये भी पढ़ें- आपत्तिजनक बयान पर चौतरफा घिरे रमेश बिधूड़ी! BJP ने जारी किया नोटिस, लोकसभा स्पीकर ने भी लगाई फटकार

भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा, "हमारे दीर्घकालीन और निरंतर रुख के अनुसार, भारत निवास स्थान या जातीयता के आधार पर भारतीय नागरिकों से भेदभावपूर्ण बर्ताव को दृढ़ता से अस्वीकार करता है। अरुणाचल प्रदेश, भारत का अभिन्न अंग था, है और हमेशा रहेगा।"

बागची ने कहा कि भारत के कुछ खिलाड़ियों को जानबूझकर और चुनिंदा तरीके से रोकने के चीन के कदम के खिलाफ नई दिल्ली और बीजिंग में कड़ा विरोध दर्ज कराया गया है। लगभग दो महीने में यह दूसरी बार है जब उन्हीं तीन खिलाड़ियों को चीनी अधिकारियों ने चीन में किसी खेल कार्यक्रम से प्रतिबंधित किया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।