स्टॉक मार्केट में अधिक रिटर्न के लालच में अक्सर रिटेल निवेशक ठगी का शिकार हो जाते हैं और अपनी मेहनत की कमाई से हाथ धो बैठते हैं। ऐसा ही एक मामला सामने आया है असम से। यहां 22 साल के एक लड़के ने अधिक मुनाफे का लालच देकर आम निवेशकों से 2200 करोड़ रुपये का फ्रॉड किया है। बिशाल फुकन नाम के इस शख्स ने अपने निवेशकों को 60 दिनों में 30 फीसदी का भारी मुनाफा देने का झूठा वादा किया। बिशाल वर्तमान में डिब्रूगढ़ की पुलिस हिरासत में है और उस पर असम और अरुणाचल प्रदेश में निवेशकों से गारंटीड रिटर्न के लालच में लगभग दो हजार दो सौ करोड़ रुपये ठगने का आरोप है।
लग्जरी लाइफस्टाइल से लोगों को फंसाया
फुकन ने अपने लग्जरी लाइफस्टाइल से आम लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। फुकन ने चार कंपनियां खोली हैं। इसके अलावा, उसने असमिया फिल्म इंडस्ट्री में भी निवेश किया और कई प्रॉपर्टीज खरीदी हैं। रिपोर्ट के अनुसार पुलिस ने प्रभंजली रेजीडेंसी में फुकन के आवास पर तलाशी अभियान चलाया, जहां उन्होंने घोटाले से जुड़ी कई सबूत और दस्तावेज जब्त किए।
अधिकारियों ने असमिया कोरियोग्राफर सुमी बोराह की तलाश भी शुरू कर दी है, जो कथित तौर पर फुकन के नेटवर्क से जुड़ी हुई हैं। यह कार्रवाई हाल ही में आई उन रिपोर्टों के बाद की गई है, जिनमें आरोप लगाया गया है कि कई ऑनलाइन ट्रेडिंग फर्म सेबी या आरबीआई के गाइडलाइन का पालन किए बिना राज्य में कारोबार कर रही हैं।
कैसे हुआ 2200 करोड़ के फ्रॉड का खुलासा?
फुकन के इस फ्रॉड का खुलासा तब हुआ जब असम में स्टॉक मार्केट से जुड़े कई फ्रॉड सामने आए। इस बीच डीबी स्टॉक ब्रोकिंग कंपनी के मालिक दीपांकर बर्मन लापता हो गए और पुलिस की जांच फुकन तक जा पहुंची। हालांकि, बिशाल ने सोशल मीडिया अकाउंट पर लोगों को पैसे वापस करने का भरोसा दिया है।
इस मामले पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को भी सामने आना पड़ा है। उन्होंने ने जनता को ऐसे ब्रोकर्स के माध्यम से निवेश करने के प्रति आगाह किया है जो उचित कानूनी प्रक्रियाओं का पालन नहीं करते हैं। सरमा ने कहा, "अतिरिक्त ब्याज के साथ आपके पैसे को दोगुना करने का वादा धोखेबाजों द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली एक चाल है।" उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कम मेहनत से पैसे को दोगुना करने के वादे आमतौर पर झूठे होते हैं।