Illegal Entry in US: करीब 97 हजार भारतीयों ने जान-माल की हानि के बावजूद खतरनाक रास्तों से अमेरिका में प्रवेश करने की कोशिश की जिसमें से 700 से अधिक तो बच्चे हैं। अक्टूबर 2022 और सितंबर 2023 के बीच यानी एक साल में अवैध रूप से अमेरिका में प्रवेश करते समय रिकॉर्ड 96,917 भारतीयों को पकड़ा गया था। यह खुलासा अमेरिकी कस्टम्स एंड बॉर्डर प्रोटेक्शन के आंकड़ों से हुआ है। इसमें से 30,010 को कनाडा की तरफ से अमेरिका में अवैध तरीके से घुसते हुए पकड़ा गया तो दूसरी तरफ 41,770 को मैक्सिको के बॉर्डर की तरफ से। बाकी लोगों को अमेरिका में प्रवेश होने के बाद पकड़ा गया।
पांच साल में पांच गुना बढ़ गया आंकड़ा
एक साल में करीब 97 हजार भारतीयों को अमेरिका में अवैध तरीके से प्रवेश के मामले में पकड़ा गया। अमेरिका में ऐसे एंट्री मारने वालों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ। पिछले पांच साल में इसका आंकड़ा पांच गुना बढ़ गया है। 2019-20 में 19,883 भारतीयों को अवैध प्रवेश के मामले में पकड़ा गया था जो अब बढ़कर 96,917 पर पहुंच गया। एक मीडिया रिपोर्ट में पुलिस सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि यह आंकड़ा और बड़ा हो सकता है क्योंकि बॉर्डर पर अवैध तरीके से एंट्री के मामले में एक पकड़ा जाता है तो 10 किसी तरह एंट्री पा ही जाते हैं।
गुजरात और पंजाब के लोग कर रहे कोशिश, सिंगल्स सबसे अधिक
पुलिस अधिकारी के मुताबिक अमेरिका में अवैध एंट्री करने वाले लोग गुजरात और पंजाब के हैं जो अमेरिका में बसना चाहते हैं। जितने भी लोगों को हिरासत में लिया गया है, उन्हें चार कैटेगरी में रखा गया है- सिंगल्स, अकेले बच्चे, परिवार के साथ बच्चे और पूरी फैमिली। जितने लोगों को पकड़ा गया है, उसमें 730 तो बच्चे ही हैं तो 84,000 अकेले ही अमेरिका में घुसने की कोशिश कर रहे थे। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हर साल बहुत से भारतीय अवैध प्रवेश की कोशिशों में पकड़े जाते हैं लेकिन केवल कुछ को ही निर्वासित किया जाता है क्योंकि वे मानवीय आधार का हवाला देकर वहां शरण चाहते हैं।