Ayodhya Rape Case: 'सपा का कोई न कोई दरिंदा जरूर शामिल होगा': अयोध्या में दलित लड़की से दरिंदगी पर बोले सीएम योगी
Ayodhya Rape Case: उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले में पुलिस ने अनुसूचित जाति (SC) की लापता युवती का निर्वस्त्र शव बरामद किया गया है। उसकी बेरहमी से हत्या कर आंखें निकाल ली गई थीं और शरीर पर कई जख्म दिए गए थे। पुलिस ने युवती के साथ गैंगरेप के बाद उसकी हत्या किए जाने का अंदेशा जताया है
Ayodhya Rape Case: अयोध्या में दलित युवती से दरिंदगी के मामले में विपक्षी पार्टियों ने उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा
Ayodhya Rape Case: फैजाबाद (अयोध्या) से समाजवादी पार्टी (SP) के सांसद अवधेश प्रसाद रविवार (2 फरवरी) को एक दलित युवती की गैंगरेप के बाद नृशंस हत्या के बारे में बोलते हुए पत्रकारों के सामने रो पड़े। वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे सपा सांसद की नौटंकी करार देते हुए समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। सीएम योगी ने दावा किया कि इस मामले में सपा का कोई न कोई दरिंदा जरूर शामिल होगा।
अयोध्या जिले में पुलिस ने अनुसूचित जाति (एससी) की लापता 22 वर्षीय युवती का शनिवार को निर्वस्त्र शव बरामद किया, जिसकी बेरहमी से हत्या कर आंखें निकाल ली गई थीं। पुलिस ने युवती के साथ गैंगरेप के बाद उसकी हत्या किए जाने का अंदेशा जताया है। परिवार के सदस्यों ने हत्या से पहले बलात्कार का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि पीड़िता की आंखें फोड़ दी गईं। साथ ही उसकी हड्डियां तोड़ दी गईं और उसके शरीर पर गहरे घाव थे।
घटना के बारे में जानने के बाद अवधेश प्रसाद पीड़ित परिवार से मिलने के लिए पीड़िता के घर पहुंचे। भावनाओं में बहकर वह पत्रकारों के सामने रोते हुए बोले, "मैं उसे बचाने में असफल रहा।" उनके सहकर्मियों ने उन्हें सांत्वना दी और उनसे मजबूत बने रहने और न्याय के लिए लड़ने का आग्रह किया। एक पत्रकार वार्ता के दौरान प्रसाद ने कहा, "मुझे दिल्ली, लोकसभा जाने दीजिए। मैं इस मामले को (प्रधानमंत्री) मोदी के सामने उठाऊंगा।अगर हमें न्याय नहीं मिला तो मैं इस्तीफा दे दूंगा।"
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता ने भगवान राम और देवी सीता का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि इतना जघन्य अपराध कैसे हो सकता है। उन्होंने कहा, "इतिहास क्या कहेगा? लड़की के साथ ऐसा कैसे हुआ?" उनके समर्थकों ने उन्हें आश्वासन दिया कि उन्हें न्याय के लिए लड़ने के लिए चुना गया है।
सीएम योगी का पलटवार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को अयोध्या के मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र में एक चुनावी रैली के दौरान अपने संबोधन में इस मामले को उठाया। पीटीआई के मुताबिक सीएम योगी ने कहा, "अयोध्या में एक बेटी के साथ घटना घटी है। जांच जब निचले स्तर पर जाएगी, तो आज जो नौटंकी इनका सांसद कर रहा है, याद करना उसमें भी समाजवादी पार्टी का कोई न कोई दरिंदा शामिल जरूर पाया जाएगा।" योगी ने सपा पर अपराध करने और गुंडागर्दी का आरोप लगाया।
अयोध्या के मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर पांच फरवरी को उपचुनाव के लिए मतदान होगा और आठ फरवरी को मतों की गिनती होगी। अवधेश प्रसाद के पिछले साल लोकसभा चुनाव में फैजाबाद सीट से सांसद चुने जाने के बाद मिल्कीपुर सीट खाली हुई है, जहां सपा ने उनके बेटे अजीत प्रसाद को उम्मीदवार बनाया है।
पुलिस ने बताया कि पीड़िता गुरुवार रात से लापता थी जब वह कथित तौर पर भागवत कथा में भाग लेने के लिए बाहर गई थी। इसके बाद उसके परिवार को काफी तलाश करनी पड़ी। पीड़िता के बहनोई को उसका शव शनिवार की सुबह उसके गांव से सिर्फ 500 मीटर की दूरी पर एक छोटी नहर में पड़ा मिला।
राहुल-प्रियंका गांधी का आया बयान
इस घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा, "अयोध्या में भागवत कथा सुनने गई एक दलित बच्ची से जिस तरह की बर्बरता हुई, उसे सुनकर किसी भी इंसान की रूह कांप जाएगी।"
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, "ऐसी क्रूर घटनाएं समूची मानवता को शर्मसार करती हैं। बच्ची तीन दिन से गायब थी लेकिन पुलिस ने कुछ नहीं किया। भाजपा के जंगलराज में दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों और गरीबों की चीख कोई सुनने वाला नहीं है।"
कांग्रेस नेता ने इसी पोस्ट में कहा, "उत्तर प्रदेश सरकार दलितों पर अत्याचार का पर्याय बन गई है। मेरी मांग है कि अत्याचार करने वाले दोषियों के साथ-साथ जिम्मेदार पुलिसकर्मियों और अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।"
वहीं, लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने कहा, "अयोध्या में दलित बेटी के साथ हुई अमानवता और उसकी नृशंस हत्या हृदयविदारक और बहुत शर्मनाक है। तीन दिनों से गूंजती बच्ची के परिवार के मदद की पुकार पर अगर प्रशासन ने ध्यान दिया होता तो शायद उसके जीवन की रक्षा हो सकती थी। एक और बेटी के जीवन का इस घिनौने अपराध से अंत हो गया। आखिर कब तक और कितने परिवारों को इस तरह रोना-तड़पना पड़ेगा?"
रायबरेली से कांग्रेस सांसद ने आगे लिखा, "बहुजन विरोधी भाजपा राज खास कर उत्तर प्रदेश में दलितों पर घृणित अत्याचार, अन्याय और हत्या बेलगाम बढ़ता जा रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार इस अपराध की तुरंत जांच कर, दोषियों को कड़ी से कड़ी सज़ा दिलवाने के साथ ज़िम्मेदार पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई करे। और कृपया कर पीड़ित परिवार को हमेशा की तरह प्रताड़ित न करें। देश की बेटियां और पूरा दलित समाज न्याय के लिए आपकी ओर देख रहा है।"