Badaun Double Murder Case: उत्तर प्रदेश के बदायूं (Badaun) जिला के थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के बाबा कॉलोनी में मंगलवार (19 मार्च) देर शाम मामूली विवाद में दो सगे मासूम भाइयों की कुल्हाड़ी से काटकर निर्मम हत्या कर दी गई। जबकि इस हमले में तीसरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घटना के मुख्य आरोपी साजिद को एक मुठभेड़ में मार गिराया है। इस घटना के बाद मंगलवार शाम को शहर में भारी आक्रोश फैल गया। हालांकि, बताया गया कि स्थिति अब नियंत्रण में है। साजिद बाबा कॉलोनी में पीड़ितों के घर के सामने शहर में नाई की दुकान चलाता था। साजिद कथित तौर पर उनके पिता विनोद को जानता था।
पुलिस के अनुसार, सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की बाबा कॉलोनी में मंगलवार देर शाम नाई की दुकान चलाने वाले आरोपी ने घर में घुसकर तीन सगे भाइयों आयुष, युवराज और आहान उर्फ हनी पर कुल्हाड़ी से हमला किया। जिसमें आयुष (12) और आहान उर्फ हनी (आठ) की मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल अवस्था में युवराज को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बरेली परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (IG) डॉक्टर राकेश सिंह ने पीटीआई को बताया कि घटना के कुछ घंटों बाद साजिद (22) नाम के एक आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। उन्होंने कहा, ''घटना के बाद दो बच्चों की नृशंस हत्या का अभियुक्त खून से लथपथ साजिद ऊर्फ जावेद मौके से भाग गया। हमारी टीम को जब पता चला और उसका पीछा किया तो वह शेखूपुर के जंगल में दिखाई दिया। वहां हमारी SOG और थाना पुलिस पीछा करती हुई पहुंची तो अभियुक्त ने पुलिस पर फायर किया और फिर पुलिस की जवाबी गोलीबारी में वह घायल हो गया और उसकी मृत्यु हो गई।
आईजी ने बताया कि साजिद उर्फ जावेद पुत्र बाबू घटना का आरोपी था। खून से लथपथ भाग रहा था तो लोगों ने बताया कि एक व्यक्ति खून से लथपथ भाग रहा है तो उसका पीछा किया गया। उन्होंने बताया कि घटना के कारणों का पता किया जा रहा है।
पीड़ित के बगल में ही सैलून चलाता था आरोपी
इस बीच, DGP प्रशांत कुमार ने बताया कि घटना रात क़रीब 8 बजे के आसपास हुई, जिसमें साजिद ऊर्फ जावेद नाम के व्यक्ति ने अपनी दुकान के सामने रहने वाले व्यक्ति के घर में जाकर उसके बच्चों पर हमला किया, जिसमें दो बच्चों के मृत्यु हो गई और एक घायल है। कुमार ने बताया कि घटना के बाद साजिद भागा और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए, उसकी घेराबंदी की। उसने पुलिस पर भी फायरिंग की और जवाबी फायरिंग में घायल हुआ, बाद में उसकी मृत्यु हो गई। उन्होंने कहा कि शुरुआत में स्थानीय लोग आक्रोशित थे लेकिन मौके पर पहुंचे उच्चाधिकारियों ने मामला संभाल लिया। उन्होंने कहा कि घटना आपसी दुश्मनी के कारण हुई।
पीड़ित परिवार से पैसे उधार चाहता था आरोप
बदायूं डबल मर्डर केस में मृतक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी साजिद और उसके भाई जावेद के खिलाफ FIR दर्ज की है। FIR में लिखा गया, "आरोपी साजिद ने मेरी पत्नी से कहा कि उसे पैसे चाहिए क्योंकि उसकी पत्नी बच्चे को जन्म देने वाली है। जब वह पैसे लेने के लिए अंदर गई, तो उसने कहा कि वह अस्वस्थ महसूस कर रहा है और छत पर टहलने जाना चाहता है और मेरे बेटों (मृतक) को अपने साथ ले गया। उसने अपने भाई जावेद को भी छत पर बुला लिया। जब मेरी पत्नी लौटी तो उसने साजिद और जावेद को हाथों में चाकू लिए देखा। साजिद ने मेरे जीवित बेटे पर भी हमला करने की कोशिश की और उसे चोटें आईं। दोनों भाग रहे थे और साजिद ने मेरी पत्नी से कहा कि आज उसने अपना काम पूरा कर लिया है।"
परिवार में मिलने के बाद कर दी हत्या
इससे पहले आईजी ने कहा कि यह लेनदेन का मामला है अथवा कोई और रंजिश है, इसकी गहन जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि अभी परिवार दुखी है इसलिए उससे ज्यादा बात नहीं की जा रही है। अधिकारी ने बताया कि आरोपी घर में गया और पहले बच्चों की दादी से मिला और उसके बाद उसने दूसरी मंजिल पर जाकर तीनों बच्चों पर हमला किया जिसमें दो बच्चों की मौत हो गई जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया जिसका इलाज कराया जा रहा है और वह खतरे से बाहर है।
उन्होंने बताया कि घटना सिविल लाइंस थाने की मंडी पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर हुई घटना के बाद परिवार के सदस्यों और कुछ स्थानीय निवासियों ने दुकानों में तोड़फोड़ की और एक मोटरसाइकिल को क्षतिग्रस्त कर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने इलाके में सुरक्षा तैनात करने का आदेश दिया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि साजिद इलाके में नाई की दुकान चलाता था और उसकी दुकान मृतक बच्चों के घर के काफी करीब स्थित है।
पुलिस के अनुसार थाना सिविल लाइंस के मंडी पुलिस चौकी से चंद कदम दूर यह घटना घटित हुई है। इस घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। बाइक में तोड़फोड़ की, और दुकानें भी तोड़ी गईं। SSP समेत पुलिस बल मौके पर मौजूद है और भीड़ को संभालने की कोशिश की जा रही है।