कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु (Bengaluru in Karnataka) में एक 32 वर्षीय गर्भवती महिला का कथित तौर पर एक SUV चालक द्वारा पहले पीछा किया गया, फिर उसके साथ जबरन छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न किया गया। 6 महीने की गर्भवती महिला ने शख्स पर हमले का भी आरोप लगाया है। यह घटना तब घटी, जब वह पिछले सप्ताह की शुरुआत में जॉब करके घर लौट रही थी। इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी इलाके के पास हुई इस घटना के संबंध में महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने 26 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है।
टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पेशे से नर्स महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उसे 'उसके साथ बिताए हर घंटे' के लिए 1 लाख रुपये देने की पेशकश की और फिर उसके साथ जबरदस्ती करने लगा। तमाम विरोध के बावजूद जब वह नहीं माना तो नर्स ने आरोपी को थप्पड़ मार दिया।
महिला की शिकायत के अनुसार, जब उसने उसे थप्पड़ मारा, तो आरोपी ने तेजी से भागने से पहले उसके चेहरे और कान पर मुक्का मार दी। घटना के बाद पीड़िता की नाक से खून बहने लगा। हालांकि, महिला ने मदद के लिए अपने एक सहकर्मी को बुलाया। फिर शिकायत दर्ज कराने के लिए खून से लथपथ महिला इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी पुलिस स्टेशन गई।
इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी पुलिस को शिकायत मिलने के तुरंत बाद जांच शुरू की गई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। बदमाश की पहचान हेब्बागोडी के पास कम्मासंद्रा निवासी अविनाश के रूप में हुई, जो एक निजी कंपनी में ड्राइवर है।
इससे पहले बेंगलुरु में 21 जुलाई को यात्रा के दौरान एक महिला यात्री के साथ कथित छेड़छाड़ के लिए एक बाइक टैक्सी राइडर को गिरफ्तार किया गया था। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह मणिपुर पीड़िताओं के साथ एकजुटता दिखाने के लिए एक विरोध प्रदर्शन में शामिल हुई थी, जिसके बाद उसने टाउन हॉल से अपने घर के लिए एक बाइक टैक्सी बुक की।
शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में कहा कि यात्रा के दौरान रास्ते में चालक ने उसे गलत तरीके से स्पर्श किया और बाद में आरोपी व्यक्ति ने उसे (पीड़िता) व्हाट्सऐप पर टेक्स्ट मैसेज भेजे और फोन किया। पुलिस के मुताबिक, शिवप्पा नाम के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।