Bomb Threat To Mumbai School: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में गुरुवार (23 जनवरी) को एक स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुंबई के जोगेश्वरी-ओशिवारा इलाके में स्थित एक स्कूल में बम की धमकी भरे ईमेल के बाद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी। स्थानीय पुलिस और विस्फोटकों का पता लगाने वाली टीमों को तुरंत स्कूल कैंपस की गहन जांच के लिए भेजा गया।
एक अधिकारी ने बताया कि यह ईमेल गुरुवार सुबह मुंबई के जोगेश्वरी-ओशिवारा इलाके के एक स्कूल को भेजा गया था। रिपोर्ट के अनुसार, ईमेल में उल्लेख किया गया था कि स्कूल परिसर में बम "अफजल गैंग" द्वारा रखा गया था। मुंबई के ग्लोबल रयान स्कूल में बम रखे जाने की सूचना मिलने के बाद स्थानीय अधिकारियों के साथ पुलिस मौके पर पहुंची।
जिस रयान ग्लोबल स्कूल (Ryan Global School) को ईमेल मिला, वह मुंबई के जोगेश्वरी-ओशिवारा क्षेत्र में स्थित है। ईमेल में उल्लेख किया गया था कि बम अफजल गैंग द्वारा लगाया गया है। हालांकि, जांच के दौरान पुलिस को कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। फिलहाल, मामले में आगे की जांच जारी है।
यह घटना भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) को उसके मुंबई कार्यालय को निशाना बनाकर बम की धमकी वाला ईमेल मिलने के कुछ ही दिनों बाद हुई है। रूसी भाषा में लिखा गया यह संदेश आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा के आधिकारिक ईमेल एड्रेस पर भेजा गया था। इसमें बैंक को उड़ाने की योजना का संकेत दिया गया था।
इससे पहले 21 जनवरी को तमिलनाडु के इरोड जिले के दो स्कूलों को बम की धमकी मिली, जो बाद में एक झूठी खबर निकली। थिंडल और थेरक्कुपल्लम में भारती विद्या भवन द्वारा संचालित दो मैट्रिकुलेशन हायर सेकेंडरी स्कूलों को सुबह 11.54 बजे एक ईमेल मिला, जिसमें कहा गया था कि कैंपस में बम लगाए गए हैं। कभी भी इसमें विस्फोट हो सकता है। इसके अलावा दिल्ली के कई स्कूलों को भी फर्जी बम से उड़ाने की धमकी दे चुके हैं।