Sonali Phogat Murder Case: भारतीय जनता पार्टी (BJP) की चर्चित नेता सोनाली फोगाट की हत्या को लेकर सीबीआई जांच की मंजूरी मिल गई है। सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सीबीआई जांच के लिए हरी झंडी दे दी है। आज ही गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने केंद्र सरकार को चिट्ठी लिखकर इसकी सिफारिश की थी।
मामले की जानकारी रखने वाले एक अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी की नेता सोनाली फोगाट की मौत के मामले की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने के आदेश दिए। 43 वर्षीय फोगाट 22-23 अगस्त की दरम्यानी रात को गोवा में मृत पाई गई थीं।
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत द्वारा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर सीबीआई से जांच कराने का अनुरोध किए जाने के बाद गृह मंत्रालय ने यह कदम उठाया। मामले की जानकारी रखने वाले एक अधिकारी ने बताया कि गृह मंत्रालय ने कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) से मामले की जांच सीबीआई से कराने को कहा है। सीबीआई डीओपीटी के प्रशासनिक नियंत्रण में कार्य करती है।
हरियाणा के हिसार से बीजेपी नेता फोगाट की 22-23 अगस्त की दरम्यानी रात को गोवा में मौत हो गई थी। उनकी मौत को हत्या का मामला माना जा रहा है। इससे पहले दिन में सावंत ने पणजी में पत्रकारों से कहा कि गोवा पुलिस ने मामले की बहुत अच्छी तरह से जांच की है और उसे कुछ सुराग भी मिले हैं।
उन्होंने कहा कि लेकिन हरियाणा के लोगों तथा सोनाली फोगाट की बेटी की मांग के कारण हमने केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपने का अनुरोध करने का निर्णय लिया है। गोवा पुलिस ने इस मामले के संबंध में 5 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें फोगाट के दो सहयोगी शामिल हैं। पुलिस ने इन दोनों पर हत्या के आरोप में मामला दर्ज किया है।