Chandrayaan-3 Mission: चंद्रयान-3 चंद्रमा पर 'सॉफ्ट लैंडिंग' के लिए तैयार है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) की बुधवार 23 अगस्त को चंद्रयान-3 को चांद की सतह पर उतारने की योजना है जिसको लेकर लोगों की उत्सुकता बढ़ती जा रही है। भारत ने चंद्रयान-3 को 14 जुलाई को लॉन्च किया था। अब इसे 23 अगस्त को चांद की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग करनी है। भारत को 23 अगस्त को तब ऐतिहासिक सफलता मिल जाएगी जब चंद्रयान-3 मिशन चंद्रमा की सतह पर 'साफ्ट लैंडिंग' कर लेगा। पूरा देश चंद्रयान-3 को 'सॉफ्ट लैंडिंग' में सफल होते देखना चाहता है। इसरो ने चंद्रयान-3 के लैंडर के चंद्रमा की सतह पर उतरने के तय समय से एक दिन पहले मंगलवार को कहा कि चंद्रयान-3 मिशन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ रहा है।
भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी ने कहा कि यहां इसरो टेलीमेट्री, ट्रैकिंग और कमांड नेटवर्क (ISTRAC) में स्थित मिशन ऑपरेशंस कॉम्प्लेक्स (MOX) में उत्साह का माहौल है। इसरो ने चंद्रमा पर भारत के तीसरे मिशन की मंगलवार दोपहर को ताजा जानकारी देते हुए कहा कि मिशन तय कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ रहा है। सभी सिस्टम की नियमित जांच की जा रही है। सुचारू संचालन जारी है।
ISRO ने कहा कि MOX/ISTRAC से चंद्रयान-3 के चंद्रमा की सतह पर उतरने का सीधा प्रसारण बुधवार (23 अगस्त) शाम 5 बजकर 20 मिनट से शुरू किया जाएगा। लैंडर (विक्रम) और रोवर (प्रज्ञान) से लैस लैंडर मॉड्यूल के बुधवार (23 अगस्त) को शाम 6 बजकर 4 मिनट पर चंद्रमा की सतह के दक्षिण ध्रुवी क्षेत्र के निकट उतरने की उम्मीद है।
इस महत्वपूर्ण घटनाक्रम का सीधा प्रसारण 23 अगस्त, 2023 को भारतीय समयानुसार शाम 17:27 बजे शुरू किया जाएगा। ‘सॉफ्ट-लैंडिंग’ का सीधा प्रसारण इसरो की वेबसाइट, इसके यूट्यूब चैनल, इसरो के फेसबुक पेज और DD नेशनल टीवी चैनल सहित कई प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगा। इसके अलावा Moneycontrol Hindi के Youtube और Facebook पेज पर भी चंद्रयान-3 की लैंडिंग को आप लाइव देख सकते हैं।
इसरो ने कहा कि चंद्रयान-3 की ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ एक यादगार क्षण होगी। यह न केवल भारतीयों के जिज्ञासा को बढ़ाती है, बल्कि हमारे युवाओं के मन में चांद के बारे में और जानने के लिए जुनून भी जगाती है।