Chinese rocket chunk may fall on earth: चाइनीज रॉकेट के एक बहुत बड़ा हिस्सा शुक्रवार या शनिवार को धरती पर गिर सकता है। यह कहां गिरेगा, इस बारे में पता नहीं है। यह Long March 5B रॉकेट का कोर बूस्टर है। इसे चीन के Tiangong Space Station से लॉन्च किया गया था।
कोर बूस्टर का वजन 22.5 टन है। इसकी ऊंचाई 10 मंजिला इमारत जितनी है। Aerospace Corporation ने यह जानकारी दी है। उसने कहा है कि अनुमान है कि रॉकेट का यह हिस्सा अनियंत्रित तरीके से धरती पर गिर सकता है। अगर रॉकेट का मलबा आबादी वाले इलाके पर गिरता है तो इससे जान और माल का बड़ा नुकसान हो सकता है।
एयरोस्पेस कॉर्पोरेशन रॉकेट बॉडी पर करीबी नजर रख रहा है। उसने कहा है कि इसकी संभावित लैंडिंग के बारे में ज्यादा डेटा मिलने पर वह इस बारे में जानकारी दूसरों को देगा। ताजा अनुमान के मुताबिक, रॉकेट बूस्टर शुक्रवार भारतीय समय के अनुसार शाम साढ़े चार बजे वातावरण में दोबारा दाखिल होगा। यह समय तीन घंटे पहले या बाद हो सकता है।
space.com के मुताबिक, करीब पूरा सेंट्रल अमेरिका, अफ्रीका का बड़ा हिस्सा और उत्तरी अमेरिका के कुछ हिस्से में यह रॉकेट बॉडी गिर सकता है। CNET ने खबर दी है कि उसके पास इस रॉकेट बॉडी को सुरक्षित समुद्र में उतारने की टेक्नोलॉजी नहीं है।
ज्यादातर रॉकेट बॉडी के वायुमंडल में जल जाने की संभावना होती है। लेकिन, रॉकेट के मजबूत हिस्से जो जल नहीं पाते हैं, वे धरती की सतर पर गिर जाते हैं। इससे इंफ्रास्ट्रक्चर को नुकसान पहुंचने का डर होता है। एयरोस्पेस कॉर्पोरेशन के मुताबिक, रॉकेट के करीब 20 से 40 फीसदी हिस्से धरती की सतह पर गिरते हैं। हालांकि, यह रॉकेट की डिजाइन पर निर्भर करता है।