कोरोनावायरस (Coronavirus) के नए वेरिएंट से पैदा हुई स्थिति को लेकर, जहां भारत के स्वास्थ्य मंत्रालय (Ministry of Health and Family Welfare) ने बुधवार को तत्काल एक हाई लेवल मीटिंग की, तो वहीं अलग-अलग आंकड़ों के विश्लेषण से संकेत मिलता है कि चीन में सख्त ‘जीरो कोविड नीति’ (Zero Covid Policy) को वापस लिए जाने के बाद Covid-19 संक्रमण के मामलों में भारी बढ़ोतरी हुई और बड़ी संख्या में लोगों की मौत हो सकती है।
The Economist में छपी हाल की एक रिपोर्ट के अनुसार, लोगों के संक्रमित होने की दर और दूसरी परिस्थितियों की स्टडी के आधार पर चीन के लगभग 15 लाख नागरिकों की मौत की आशंका जताई गई है।
ये आंकड़े दूसरे हालिया आंकड़ों से भी मेल खाते हैं, जिनमें The Lancet मैग्जीन के पिछले हफ्ते की एक रिपोर्ट भी शामिल है। इन आंकड़ों से संकेत मिलता है कि चीन में पाबंदियों में ढील दिए जाने के बाद कोरोना वायरस संक्रमण से 13 लाख से 21 लाख लोगों की मौत हो सकती हैं।
The Lancet की रिपोर्ट में कहा गया है, "मौतों की संख्या का अनुमान लगाना मुश्किल है। यह बहुत कुछ इस बात पर निर्भर करेगा कि बुजुर्गों और कमजोर लोगों को कितनी संख्या में कोरोनावायरस की वैक्सीन लगाई गई हैं।"
इसमें कहा गया है, "ब्रिटेन के सीरोलॉजिकल स्टडी से पता चला है कि देश में लगभग सभी में SARS-COV-2 के खिलाफ एंटी-बॉडी हैं। चीन के आंकड़े उपलब्ध नहीं हैं, लेकिन उनमें नेचुरल इम्यूनिटी का लेवल निश्चित रूप से कम होगा। महामारी के दौरान देश में Covid-19 के 20 लाख से भी कम केस रिपोर्ट किए गए थे।"
ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में महामारी विज्ञान के प्रोफेसर झेंगमिंग चेन ने नीति में बदलाव के समय पर सवाल उठाया है।
चेन ने द लांसेट रेस्पिरेटरी मेडिसिन को बताया, "चीन ने Covid-19 पाबंदियों को हटाने के लिए पर्याप्त उपाय नहीं किए। उन्हें वैक्सीनेशन को बढ़ावा देना चाहिए था और मीडिया, हेल्थ सर्विस सिस्टम और आम जनता को तैयार करना चाहिए था। मैंने पिछले छह महीनों में इनमें से कुछ भी होते हुए नहीं देखा है।"
इस बीच दुनिया के कई हिस्सों में कोरोनावायरस संक्रमण के मामलों में अचानक तेजी के मद्देनजर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने बुधवार को नई दिल्ली में देश में Covid-19 स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सजग रहने और निगरानी तंत्र मजबूत करने का निर्देश दिया।
मांडविया ने एक ट्वीट में कहा, “कुछ देशों में Covid-19 के मामलों में बढ़ोतरी के मद्देनजर आज विशेषज्ञों और अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की। Covid-19 अभी खत्म नहीं हुआ है। मैंने सभी संबंधित लोगों को सजग रहने और निगरानी बढ़ाने के लिए कहा है। हम किसी भी स्थिति से निपटने के लिाए तैयार हैं।”