Cumin Seeds: इन दिनों बाजार में मिलने वाले कई खाने की चीजें मिलावट की शिकार हो चुका हैं। घी, सरसों का तेल, खोया में मिलावट की खबरें हमेशा सुनते रहे हैं। अब जीरा भी बाजार में नकली मिलने लगा है। इन मिलावटी चीजों का सेवन करने से हेल्थ से जुड़ी कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। जीरे का इस्तेमाल सभी सब्जियों में किया जाता है। यह खाने का स्वाद बढ़ाने के साथ ही सेहत के लिए भी काफी फायदेमंद होता है। सुबह खाली पेट जीरा का पानी पीने से वजन भी कम होता है। इसके साथ ही आलू की सब्जी में जीरा का तड़का लगाने से इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है।
आजकल बाजार मे झाड़ू वाला जीरा (Fake cumin) भी मिल रहा है। ऐसे में जीरा खरीदते समय कुछ बातों को ध्यान में रखकर आप असली और नकली जीरे की पहचान कर सकते हैं।
कैसे करें असली जीरे की पहचान?
असली और नकली जीरे की पहचान करना ज्यादा कठिन नहीं है। एक कटोरी में पानी ले लीजिए और इसमें जीरा डालकर छोड़ दें। अगर जीरा रंग छोड़ने लगे और टूट जाए, तो समझिए जीरा नकली है। जबकि असली जीरे में कोई बदलाव नहीं होता है। वहीं, असली जीरे को खूशबू से भी पहचाना जा सकता है। आप जीरे को अपने हाथों में मसलकर भी उसकी वास्तविकता की पहचान कर सकते हैं। अगर जीरे को हाथ में मसलने के बाद उसमें कुछ बदलाव नहीं आता है। ऐसे में समझ जाइए कि जीरा असली है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नकली जीरा बनाने के लिए फूल वाली झाड़ू का इस्तेमाल किया जाता है। इसके अलावा छोटे-छोटे पत्थरों का भी इस्तेमाल किया जाता है। गुड़ के शीरे का भी इस्तेमाल किया जाता है। जिस घास से झाड़ू बनती है। उसे पहले पानी में उबाला जाता है। उसके बाद उसे शीरे में पकाया जाता है और सुखा लिया जाता है। ऐसे में उसका रंग और आकार बिल्कुल जीरे जैसा हो जाता है।
सेहत के लिए हानिकारक है नकली जीरा
नकली जीरा खाने से सेहत को काफी नुकसान हो सकता है। इससे इम्युनिटी कमजोर हो सकती है। इसके अलावा पेट की समस्याएं भी हो सकती हैं। कहा जाता है कि नकली जीरा खाने से स्टोन (पथरी) और स्किन से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं।