इन दिनों ठगी के मामले बहुत तेजी से बढ़े हैं। कुछ ऐसा ही एक खुलासा राजस्थान की नागौर पुलिस ने किया है। दरअसल, शेयर मार्केट में ज्यादा मुनाफा दिलाने के नाम पर फ्रॉड करने वाले एक शातिर अपराधी को नागौर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कोतवाली पुलिस ने 87 लाख से अधिक की साइबर ठगी करने के मामले में मुख्य आरोपी सूफियान इस्माइल शेख(21) को मुंबई से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने शेयर मार्केट में अधिक मुनाफा दिलाने के नाम पर पीड़ितों से अलग-अलग कंपनियों के खातों में रुपये जमा करवाए। पुलिस ने बताया कि इस्माइल के खिलाफ कुल 72 मामले दर्ज हैं।
ये मामले दिल्ली, राजस्थान, केरल, कर्नाटक, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, उत्तराखंड, चंडीगढ़ और गुजरात के कई पुलिस थानों में दर्ज हुए हैं। आरोपी को जेल भेज दिया गया है। आरोपी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
एक महीने में 4.45 करोड़ की ठगी
सबसे ज्यादा हैरानी की बात यह है कि एक महीने में आरोपी ने कुल 4.45 करोड़ रुपये की ठगी की। पूरे पैसे दूसरों के खातों में ट्रांसफर कर लिया। आरोपी अपना करंट अकाउंट खुलवाए थे। साइबर आपराधियों को अकाउंट मुहैया कराता था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए एक टीम का गठन किया। टीम ने 87 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया और कड़ियों को जोड़ते हुए मुंबई तक पहुंची। अब तक इस मामले में 150 से अधिक बैंक खाते भी फ्रिज करवाए हैं। जांच में पता चला कि आरोपी के अंतर राज्य गैंग साइबर ठगी गैंग से भी संबंध है। सिर्फ 30 दिनों में कुल 72 जगहों पर 4.45 करोड़ रुपये की ठगी की है।
पूरे देश में ठग नेटवर्क से कनेक्शन
पुलिस का कहना है कि आरोपी का पूरे देश के ठग नेटवर्क से कनेक्शन है। पुलिस छोटी-छोटी घटनाओं से लेकर हर बड़ी ठगी का कनेक्शन ढूंढना शुरू कर दिया है। इसके लिए पुलिस की साइबर टीम साइबर एक्सपर्ट्स की मदद भी ले रही है। बता दें कि नागौर की साइबर थाना पुलिस ने 2 दिन पहले दिल्ली और यूपी से आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपी अपना चालू खाता खुलवाकर साइबर अपराधियों को खाते उपलब्ध करवाता है।