Cyclone Asani: आज से लेकर अगले 3 दिनों तक इन राज्यों में तेज हवाओं के साथ होगी मूसलाधार बारिश, IMD ने जारी किया अलर्ट

बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान आज शाम तक अंडमान एवं निकोबार के तट से टकराएगा

अपडेटेड Mar 21, 2022 पर 3:59 PM
आसनी के दस्तक देने से पहले अंडमान निकोबार द्वीप पर तूफानी हवाएं और भारी बारिश जारी है

Cyclone Asani Alert: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि आज यानी सोमवार को चक्रवाती तूफान आसनी (Cyclone Asani) अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में दस्तक देगा। बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान आज शाम तक अंडमान-निकोबार के तट से टकराएगा। बंगाल की खाड़ी और अंडमान-निकोबार द्वीप पर सभी नाविकों और मछुआरों के लिए चेतावनी जारी कर उन्हें समुद्र में नहीं जाने की हिदायत दी गई है।

आसनी के दस्तक देने से पहले अंडमान निकोबार द्वीप पर तूफानी हवाएं और भारी बारिश जारी है। IMD ने चक्रवात आसनी के लिए अलर्ट जारी करते हुए कहा कि अगले 12 घंटों के दौरान उत्तरी अंडमान सागर और आसपास के क्षेत्र में चक्रवाती तूफान के आने के बाद हवाएं और तेज होने की संभावना है।

ये भी पढ़ें- China Plane Crash: चीन में बड़ा हादसा, 133 यात्रियों को ले जा रहा विमान हुआ क्रैश, पहाड़ों में जलकर खाक


इसके प्रभाव में अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में अगले 36 घंटों तक बहुत भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। IMD के वरिष्ठ वैज्ञानिक आरके जेनामणि ने एएनआई को बताया कि अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में सोमवार को भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है।

उन्होंने कहा कि अभी तक यह दबाव है, जो सोमवार की सुबह तक गहराते हुए ज्यादा दबाव में बदल जाएगा तथा सोमवार शाम तक यह और तेज होकर चक्रवाती तूफान में बदल जाएगा। यदि यह एक चक्रवाती तूफान के रूप में उभर कर सामने आता है तो इसे चक्रवात आसनी के नाम से जाना जाएगा।

यहां देखें पूर्वानुमान

- 21 मार्च को उत्तर अंडमान द्वीप समूह में अगले 12 घंटों के दौरान अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ अधिकांश स्थानों पर गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। वहीं, दक्षिण अंडमान द्वीप समूह के अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है। निकोबार द्वीप समूह में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

- 21 मार्च को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, बंगाल की पूर्व-मध्य खाड़ी और इससे सटे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में 55-65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही हैं। आज 21 मार्च की शाम से यह धीरे-धीरे बढ़कर 65-75 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़कर 85 किमी प्रति घंटे तक पहुंच जाएगी।

- 22 मार्च को पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी, इससे सटे उत्तरी अंडमान सागर और म्यांमार तट के आस-पास 65-75 किमी प्रति घंटे लकर 85 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है। 22 की शाम से इसी क्षेत्र में 55-65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से 75 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं की गति धीरे-धीरे कमजोर होने की संभावना है।

- उत्तरी अंडमान द्वीप समूह और इससे सटे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी, उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी और दक्षिण-पूर्वी बांग्लादेश तट पर 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।

- 23 मार्च को 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है, जो शाम तक बंगाल की पूर्व-मध्य खाड़ी, उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और उत्तरी म्यांमार-दक्षिण-पूर्वी बांग्लादेश तटों के साथ-साथ चलेगी।

- NDRF (राष्ट्रीय आपदा मोचन बल) की कई टीमों को पोर्ट ब्लेयर में तैनात किया गया है। तट के किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। भारतीय सेना, नौसेना, वायु सेना और भारतीय तटरक्षक बल स्टैंडबाय पर हैं।

- केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कहा कि जरूरत पड़ने पर केंद्र हर संभव मदद के लिए तैयार हैं। अधिकारियों के मुताबिक, एहतियात के तौर पर द्वीप समूह के विभिन्न हिस्सों में NDRF के लगभग 100 कर्मियों को तैनात किया गया है और छह राहत शिविर भी स्थापित किए गए हैं।

- शनिवार को बंगाल की खाड़ी के ऊपर साल के पहले चक्रवात आसनी को लेकर अंडमान और निकोबार द्वीप प्रशासन ने मछुआरों के लिए एडवाइजरी जारी कर 19 से 22 मार्च के मध्‍य समुद्र में न जाने की अपील की थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।