Cyclone Biparjoy: गुजरात तट से आज शाम तक टकराएगा विनाशकारी बिपरजोय, कच्छ-सौराष्ट्र में भारी बारिश शुरू, 75 हजार लोगों को किया शिफ्ट

Cyclone Biparjoy: गुजरात के तटीय इलाकों की तरफ तेजी से बढ़ रहा चक्रवाती तूफान बिपरजोय बेहद खतरनाक हो चुका है। विनाशकारी चक्रवात गुजरात तट से करीब 180 किलोमीटर से भी कम दूरी पर है। बिपरजोय के चलते समुद्र में ऊंची-ऊंची लहरें उठ रही हैं। जूनागढ़ में किनारे पर स्थित घरों में समुद्र का पानी घुस आया है। तटीय इलाकों में तेज आंधी के साथ भारी बारिश शुरू हो गई है

अपडेटेड Jun 15, 2023 पर 12:03 PM
Biparjoy के अधिकतम 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ गुजरात तट के पास टकराने का अनुमान है

Cyclone Biparjoy: गुजरात के तटीय इलाकों की तरफ तेजी से बढ़ रहा चक्रवाती तूफान बिपरजोय बेहद खतरनाक हो चुका है। विनाशकारी चक्रवात बिपरजोय गुजरात तट से करीब 180 किलोमीटर से भी कम दूरी पर है। अधिकारियों ने बताया कि चक्रवात के गुरुवार शाम तक गुजरात तट से टकराने की आशंका है। क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की आशंका के मद्देनजर संवेदनशील इलाकों से 74,000 से अधिक लोगों को निकाला गया है। प्रशासन ने कच्छ जिले में समुद्र तट से शून्य से 10 किलोमीटर के बीच स्थित लगभग 120 गांवों के लोगों को सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट किया है। बिपरजोय के चलते समुद्र में ऊंची-ऊंची लहरें उठ रही हैं। जूनागढ़ में किनारे पर स्थित घरों में समुद्र का पानी घुस आया है। वहीं, तटीय इलाकों में तेज आंधी के साथ भारी बारिश शुरू हो गई है। गुजरात के साथ महाराष्ट्र और कर्नाटक में भी इसका असर देखने को मिलेगा।

इंडियन मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) के अनुसार, बिपरजोय के अधिकतम 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ एक बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में जखौ बंदरगाह के पास टकराने का अनुमान है। IMD ने कहा कि इस शक्तिशाली तूफान के गुजरात तट के पास पहुंचने के साथ ही कच्छ, देवभूमि द्वारका और जामनगर जिले में छिटपुट स्थानों पर बारिश की तीव्रता बढ़ जाएगी।

IMD ने चक्रवात पर अपनी अपडेट जानकारी में कहा कि उत्तर-पूर्व अरब सागर के ऊपर मौजूद वीएससीएस बिपारजॉय 14 जून 2023 को भारतीय समयानुसार रात ढाई बजे जखौ बंदरगाह से 200 किलोमीटर पश्चिम-दक्षिण पश्चिम में था। 15 जून की शाम तक यह जखौ बंदरगाह के पास सौराष्ट्र और कच्छ तथा निकटवर्ती मांडवी एवं कराची के बीच स्थित पाकिस्तान तट से गुजरेगा।


चपेट में आ सकते हैं सैकड़ों गांव

गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने कहा कि कच्छ जिले में तट से शून्य से पांच किलोमीटर की दूरी में 72 गांव, जबकि तट से पांच से 10 किलोमीटर के दायरे में 48 गांव स्थित हैं। मंत्री ने कहा कि हमने इन तटीय गांवों से लगभग 40,000 लोगों को निकालकर सुरक्षित जगह पहुंचाया है। गुजरात सरकार ने बताया कि अब तक आठ तटीय जिलों-कच्छ, जामनगर, मोरबी, राजकोट, देवभूमि द्वारका, जूनागढ़, पोरबंदर और गिर सोमनाथ में 74,345 लोगों को अस्थायी आश्रय शिविरों में ले जाया गया है।

ये भी पढ़ें- Cyclone Biparjoy LIVE: तबाही मचाने आ रहा है बिपरजोय! IMD ने कहा - गुजरात और राजस्थान में होगा ज्यादा असर

सरकार के मुताबिक, NDRF (राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल) की 15 टीम, SDRF (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) की 12 टीम, राज्य सड़क एवं भवन विभाग की 115 टीम और राज्य बिजली विभाग की 397 टीम विभिन्न तटीय जिलों में तैनात की गई हैं। अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय प्रशासन और पुलिस के अलावा, एनडीआरएफ की चार टीम और एसडीआरएफ, सेना, तटरक्षक बल तथा BSF (सीमा सुरक्षा बल) की पांच टीम चक्रवात के बाद राहत एवं बचाव कार्यों के लिए तैयार हैं।

सोमनाथ मंदिर बंद

इस बीच, देवभूमि द्वारका के प्रसिद्ध द्वारकाधीश मंदिर और गिर सोमनाथ के सोमनाथ मंदिर को गुरुवार को दर्शनार्थियों के लिए बंद रखने का फैसला किया गया है। IMD ने कहा कि चक्रवात की दस्तक के दौरान समुद्र में खगोलीय ज्वार से लगभग दो-तीन मीटर ऊंची तूफानी लहरें उठने के कारण प्रभावित जिलों के निचले इलाकों में पानी भरने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, कुछ जगहों पर तीन से छह मीटर ऊंची लहरें उठ सकती हैं।

कई ट्रेनें रद्द

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, पश्चिम रेलवे ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एहतियात के तौर पर 76 ट्रेन को रद्द कर दिया गया है, जबकि 36 को बीच रास्ते में समाप्त कर दिया गया है और 31 को चुनिंदा स्टेशन पर संचालित करने का फैसला लिया गया है। बिपरजोय मई 2021 में 'तौकते' के बाद गुजरात में आने वाला दूसरा चक्रवाती तूफान है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।