Cyclone Michaung: चेन्नई की बाढ़ में फंसे अभिनेता आमिर खान को नाव से बचाया गया, एक्टर विष्णु विशाल ने शेयर की तस्वीर

Cyclone Michaung: चक्रवाती तूफान 'मिचौंग' के कारण तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई (Chennai floods) और उसके पड़ोसी जिलों में सोमवार से जारी लगातार बारिश के कारण कई हिस्से जलमग्न हो गए है। इन जगहों पर जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। लगातार बारिश की वजह से यहां 2015 की बाढ़ की पुनरावृत्ति की आशंका पैदा हो गई है

अपडेटेड Dec 05, 2023 पर 7:27 PM
Story continues below Advertisement
Cyclone Michaung: उत्तरी तटीय तमिलनाडु में चक्रवाती तूफान मिचौंग के कारण चेन्नई में बाढ़ ने भारी तबाही मचाई

Cyclone Michaung: चक्रवाती तूफान 'मिचौंग' के कारण तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई (Chennai floods) और उसके पड़ोसी जिलों में सोमवार से जारी लगातार बारिश के कारण कई हिस्से जलमग्न हो गए है। इन जगहों पर जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। लगातार बारिश की वजह से यहां 2015 की बाढ़ की पुनरावृत्ति की आशंका पैदा हो गई है। तटीय जिलों से हजारों लोगों को दूसरे सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है। बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान (Aamir Khan) उन लोगों में से एक थे जिन्हें चेन्नई से बचाया गया था। शहर में चक्रवात मिचौंग के कारण मूसलाधार बारिश हो रही है। एक नाव में सवाल अभिनेता की एक तस्वीर सामने आई है, जो वायरल हो गई है।

तमिल अभिनेता विष्णु विशाल ने आमिर खान की तस्वीरें शेयर की है। विशाल भी अन्य लोगों और बचाव अधिकारियों के साथ उसी नाव पर सवार थे। सभी को सुरक्षित क्षेत्र में लाए जाने के बाद उन्होंने कुछ तस्वीरें भी खिंचवाईं। खान और अन्य लोगों की अब वायरल तस्वीरें विशाल द्वारा X पर शेयर की गईं।

तस्वीरों के साथ उन्होंने लिखा, "फंसे हुए हमारे जैसे लोगों की मदद करने के लिए अग्निशमन और बचाव कर्मियों को धन्यवाद। करापक्कम में बचाव अभियान शुरू हो गया है। देखा कि तीन नावें पहले से ही काम कर रही थीं। ऐसे कठिन समय में टीएन सरकार द्वारा महान कार्य। उन सभी प्रशासनिक लोगों को धन्यवाद जो लगातार काम कर रहे हैं।"


तमिलनाडु में मृतकों की संख्या बढ़कर 8 हुई

उत्तरी तटीय तमिलनाडु में चक्रवाती तूफान मिचौंग के कारण चेन्नई और आसपास के जिलों में सोमवार को बाढ़ ने भारी तबाही मचाई, जिससे मरने वालों की संख्या बढ़कर 8 हो गई है। इसके साथ ही मंगलवार को शहर और उसके आसपास के जलभराव वाले इलाकों में फंसे लोगों को बचाने के लिए नौकाओं और ट्रैक्टर का इस्तेमाल किया गया।

चेन्नई के अधिकांश इलाकों में मंगलवार को सुबह से बारिश का असर कम रहा, जिससे अधिकारियों को बचाव और राहत कार्य तेज करने के लिए समय मिल गया है। चेन्नई के निगम मुख्यालय में मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने कहा कि राहत कार्य युद्ध स्तर किए जा रहे हैं।

9 जिलों में बाढ़ का कहर

स्टालिन ने बताया कि मूसलाधार बारिश से प्रभावित चेन्नई सहित 9 जिलों में कुल 61,666 राहत शिविर स्थापित किए गए हैं, जिनमें अब तक भोजन के लगभग 11 लाख पैकेट और दूध के एक लाख पैकेट वितरित किए जा चुके हैं। बारिश से संबंधित घटनाओं के कारण जनहानि को लेकर स्टालिन ने बताया कि अब तक 8 लोगों की जान जा चुकी है, जिसमें पड़ोसी चेंगलपट्टू जिले में दीवार गिरने से हुई मौतें भी शामिल हैं।

ये भी पढ़ें- Cyclone Michaung Highlights: आंध्र प्रदेश के बापटला तट से टकराया चक्रवाती तूफान 'मिचौंग', लैंडफॉल के बाद हो रही है मूसलाधार बारिश

चेन्नई नगर निगम ने राहत कार्यों के लिए अन्य जिलों से 5,000 श्रमिकों को बुलाया है। ये श्रमिक बचाव कार्य और राहत सामग्री वितरित करने के लिए उत्तरी चेन्नई के पेरियामेट और जलभराव वाले इलाकों में ट्रैक्टर और नौकाओं का उपयोग कर रहे हैं। चेन्नई में चरणबद्ध तरीकों से बिजली आपूर्ति को बहाल किया जा रहा है, उपनगरीय शहर तांबरम, अशोक नगर, कट्टुपक्कम और पेरूंगुडी सहित कई इलाकों के लोगों ने बारिश रुकने के बावजूद बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होने की शिकायत की है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।