Delhi Pollution: क्या दिल्ली में फिर लागू होगा ऑड-ईवन नियम? प्रदूषण के कारण राजधानी में गैस चैंबर जैसे हालात

Delhi-NCR Air Pollution: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की एयर क्वालिटी रविवार (17 नवंबर) को और खराब हो गई। एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 441 रहा, जिससे दिल्ली देश का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर बन गया। दिल्ली का AQI रविवार शाम चार बजे 441 दर्ज किया गया, जो 'गंभीर' गैटेगी में आता है। शनिवार को AQI 417 था

अपडेटेड Nov 17, 2024 पर 10:15 PM
Story continues below Advertisement
Delhi-NCR Air Pollution: दिल्ली-NCR में एक बार फिर ऑड-ईवन नियम लागू करने की मांग की जा रही है

Delhi-NCR Air Pollution: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को रोकने के लिए एक बार फिर ऑड ईवन सिस्टम लागू करने की मांग हो रही है। प्रदूषण के खतरनाक स्तर पर पहुंचने के बाद भारतीय बायोगैस एसोसिएशन (IBA) ने एयर पॉल्यूशन को दूर करने के लिए दिल्ली-NCR में ऑड-ईवन नियम लागू करने की अपील की है। यह सुझाव GRAP 4 के अनुरूप है, जिसे AQI 450 से अधिक होने पर लागू किया जाता है। राजधानी की हवा में सांस लेना अब सेहत के लिए खतरनाक हो गया है। बढ़ते प्रदूषण से दिल्ली गैस चेंबर में तब्दील हो गई है।

IBA के अध्यक्ष गौरव केडिया ने PTI से बातचीत में ऑड-ईवन नियम के संभावित लाभों पर जोर दिया। उन्होंने कहा, "हम आने वाले महीनों में पेट्रोल और डीजल वाहनों के लिए ऑड-ईवन नियम लागू करने की सलाह देते हैं, ताकि दिल्ली में वायु प्रदूषण के स्तर पर अच्छा प्रभाव देखा जा सके और EV और CNG/CBG वाहनों पर सब्सिडी दी जा सके, क्योंकि इससे लोग ग्रीन फ्यूल विकल्पों की ओर रुख करने के लिए मजबूर होंगे।"

दरअसल, सर्दियों के दौरान दिल्ली का वायु प्रदूषण बढ़ जाता है, जिसमें AQI का स्तर अक्सर 400 को पार कर जाता है। इस लगातार समस्या ने दिल्ली को दुनिया भर के सबसे प्रदूषित शहरों में से एक बना दिया है।


केडिया ने आगे सुझाव दिया कि भारत उत्सर्जन को कम करने के लिए बायो-पीएनजी-संचालित जनरेटर अपनाए। उन्होंने मौजूदा डीजल जनरेटर को बायो-पीएनजी का उपयोग करने के लिए रेट्रोफिटिंग करने या उन्हें पूरी तरह से बदलने की सिफारिश की।

2024-25 के वित्तीय वर्ष के लिए, दिल्ली सरकार ने 71,086 करोड़ रुपये के कुल बजट में से वायु प्रदूषण नियंत्रण और ग्रीन एरिया के लिए 858.5 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। यह आवंटन कुल बजट का 1.21% है। दिल्ली के 40 निगरानी स्टेशनों में से सीपीसीबी द्वारा शेयर किए गए 32 स्टेशनों के आंकड़ों के अनुसार 32 स्टेशनों ने वायु गुणवत्ता को 'गंभीर बताया है, जिनमें एक्यूआई का स्तर 400 से ऊपर रहा।

दिल्ली के मुख्यमंत्री आतिशी ने रविवार को कहा कि ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के चौथे चरण के प्रतिबंधों के तहत 10वीं और 12वीं कक्षा को छोड़कर सभी कक्षाएं ऑनलाइन संचालित की जाएंगी। सीएम ने कहा कि जीआरएपी के चौथे चरण के प्रतिबंधों के तहत सभी स्कूल अगले आदेश तक ऑनलाइन क्लासेस आयोजित करेंगे।

ये भी पढ़ें- "फेक नैरेटिव ज्यादा दिनों तक नहीं चलता": PM मोदी ने की फिल्म 'द साबरमती रिपोर्ट' की तारीफ

दिल्ली भारत का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर

राष्ट्रीय राजधानी की एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) रविवार को 441 रहा, जिससे दिल्ली देश का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर बन गया। राष्ट्रीय राजधानी का AQI रविवार शाम चार बजे 441 दर्ज किया गया, जो 'गंभीर' कैटेगरी में आता है। देश के चार शहरों में एक्यूआई 'गंभीर' कैटेगरी में दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार हरियाणा के बहादुरगढ़ में सबसे अधिक 445 AQI रहा। इसके बाद दिल्ली में 441, हरियाणा के भिवानी में 415 और राजस्थान के बीकानेर में 404 एक्यूआई दर्ज किया गया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।