Delhi NCR Rains: दिल्ली- NCR में पिछले तीन दिन से तेज-धीमी बारिश का सिलसिला जारी है। रात भर बारिश के चलते दिल्ली के कई इलाकों में पानी भरा है। गुरुग्राम में भी सड़कों पर जलभराव है। नोएडा, ग्रेटर नोएडा में पानी सोसायटियों के ग्राउंड फ्लोर तक पहुंच रहा है। हालांकि, 3 दिनों से हो रही बारिश ने हवा की गुणवत्ता सुधार दी है। मौसम विभाग का कहना है कि अभी दो-तीन बारिश जारी रहेगी। वहीं मौसम विभाग ने 17 राज्यों में कहीं हल्की, कहीं मध्यम तो कहीं-कहीं भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में शनिवार को भारी बारिश के चलते लोगों को घंटों जाम का सामना करना पड़ा। कई इलाकों में जलभराव से लोगों की मुसीबत बढ़ी है। दिल्ली में रविवार को भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री तक रह सकता है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 10 अक्टूबर को बारिश हल्की हो जाएगी। तापमान बढ़कर 26 डिग्री तक पहुंच सकता है। 12 अक्टूबर से मौसम पूरी तरह शुष्क हो जाएगा और तापमान बढ़ने लगेगा। 14 अक्टूबर तक यह दोबारा 30 डिग्री पर पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने NCR में 9 और 10 अक्टूबर को तेज बारिश की आशंका जताई है। 11 अक्टूबर को भी हल्की बारिश हो सकती है। फिलहाल 3 दिन तक मौसम इसी स्थिति में बना रहेगा। इससे पहले मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए कुछ जगहों पर हल्की स्तर की बारिश संभावना जताई थी। दिल्ली में भारी बारिश को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने एक एडवाइजरी भी जारी की है।
मौसम विभाग के मुताबिक मानसून 29 सितंबर को ही राजधानी से विदा हो चुका है। यह मानसून के बाद की पहली बारिश है। मौसम विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बन रहे कम दवाब वाले क्षेत्र की वजह से दिल्ली समेत उत्तर भारत में कई राज्यों में बारिश की संभावना बनी रहेगी। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और तापमान में गिरावट जारी रहेगी।
उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, बंगाल समेत कई राज्यों में 12 अक्टूबर तक बारिश होने की संभावना जताई है। विभाग की ओर से ट्वीट कर दी गई जानकारी के मुताबिक, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में 8 से 12 अक्टूबर, हरियाणा और पूर्वी राजस्थान में 8 से 9 अक्टूबर, मध्य प्रदेश में 8, 9, 10, 11 और 12 अक्टूबर को, गुजरात में 8 से 10 अक्टूबर, महाराष्ट्र और तटीय आंध्र प्रदेश में 8 से 9 अक्टूबर, तमिलनाडू और पुडुचेरी में 8 से 12 अक्टूबर, कर्नाटक में 9 से 11 अक्टूबर और केरल में 9 से 10 अक्टूबर को बारिश होने की संभावना है।