Weather Update: दिल्ली सहित इन राज्यों में अगले 5 दिनों तक होगी भारी बारिश, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट

IMD ने पूर्वानुमान जताया है कि आज दिन में आसमान में मुख्य रूप से बादल छाए रहेंगे। साथ ही हल्की बारिश होने एवं गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है

अपडेटेड Jul 04, 2022 पर 10:57 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
अगले 5 से 6 दिनों तक राष्ट्रीय राजधानी में बारिश जारी रहेगी

Delhi Weather update: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार को खुशनुमा सुबह के साथ दिन की शुरुआत हुई। इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने पूर्वानुमान जताया है कि आज दिन में आसमान में मुख्य रूप से बादल छाए रहेंगे। साथ ही हल्की बारिश होने एवं गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आस पास रह सकता है।

मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 5 से 6 दिनों तक राष्ट्रीय राजधानी में बारिश जारी रहेगी। IMD ने अगले दो दिनों के लिए 'येलो' अलर्ट जारी किया है। येलो अलर्ट का मतलब है कि 7.5 से 15 मिमी की छिटपुट बारिश की संभावना है जो कुछ घंटों तक जारी रहने का अनुमान है। वहीं, मध्यम से भारी बारिश के पूर्वानुमान के साथ बुधवार के लिए 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया गया है।

ये भी पढ़ें- हिमाचल के कुल्लू में बस खाई में गिरी, स्कूल के बच्चों सहित 16 लोगों की मौत


दिल्ली के अलावा मौसम विभाग ने रविवार को अलर्ट जारी कर केरल में अगले 5 दिनों तक भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। तिरुवनंतपुरम, पठानमथिट्टा और कोल्लम को छोड़कर राज्य के 11 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले 24 घंटों में राज्य में भारी बारिश होने की संभावना है।

IMD ने एक बयान में कहा कि भारी बारिश के दौरान बिजली गिरने की भी संभावना है। भारी बारिश के कारण राज्य में अलग-अलग जगहों से हादसे की खबरें सामने आ रही हैं। पुलिस ने कहा कि इडुक्की जिले के मुरीकास्सेरी में भारी बारिश के कारण एक घर पर मिट्टी का टीला गिरने से एक महिला और उसके परिवार के सदस्य मामूली रूप से घायल हो गए।

राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी जिला कलेक्टरों को भारी बारिश और राज्य के कुछ स्थानों पर बाढ़ की आशंका को लेकर चेतावनी जारी की है। स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (SDRF) को भी अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया गया है।

स्काईमेट वेदर के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे जुड़े इलाके पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इसकी वजह से आज सोमवार को ओडिशा तट पर कम दबाव का क्षेत्र विकसित होने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान गुजरात और मध्य प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। गंगीय पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, कोंकण, गोवा और केरल में भी बारिश देखी गई। इसके अलावा मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, दक्षिणपूर्व राजस्थान, विदर्भ, कोंकण, गोवा, केरल, कर्नाटक, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।