Delhi Weather: दिल्ली-NCR में बारिश से और बढ़ेगी ठंड, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट, जानें अपने राज्य का हाल

Delhi Weather: मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान दिल्ली-NCR में हल्की बारिश होने की चेतावनी दी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बुधवार (15 जनवरी) शाम को या रात के दौरान बहुत हल्की बारिश के एक या दो दौर की आशंका के साथ आमतौर पर बादल छाए रहने का अनुमान जताया है

अपडेटेड Jan 15, 2025 पर 6:25 PM
Delhi Weather: दिल्ली के साथ ही पूरे एनसीआर में बारिश होने की चेतावनी जारी हुई है

Delhi Weather updates: दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में मंगलवार (15 जनवरी) सुबह घना कोहरा छाया रहा। इससे विजिबिलिटी शून्य हो गई। हवाई और रेलगाड़ियों का परिचालन बाधित हुआ। इस बीच, अभी सर्दी और बढ़ने की चेतावनी जारी हुई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान दिल्ली-NCR में हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बुधवार शाम को या रात के दौरान बहुत हल्की बारिश के एक या दो दौर की आशंका के साथ आमतौर पर बादल छाए रहने का अनुमान जताया है।

इस दौरान प्रमुख सतही हवा दक्षिण-पूर्व दिशा से 4 किमी प्रति घंटे से कम की गति से चलने की उम्मीद है। इस सप्ताह सुबह के समय अधिकांश स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने, जबकि कुछ क्षेत्रों में बहुत घना कोहरा छाए रहने की आशंका है। आईएमडी ने कहा कि शाम और रात में धुंध या हल्का से मध्यम कोहरा छाए रहने की उम्मीद है।

येलो अलर्ट जारी


मौसम विभाग ने घने कोहरे के साथ अगले तीन दिनों तक बारिश होने की आशंका को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली एनसीआर में घना कोहरा छाया रहेगा। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से आसमान में भी बादल छाए रहेंगे और हल्की बूंदाबादी भी हो सकती है। वहीं, अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस रह सकता है। दिल्ली में घने कोहरे की वजह से ट्रेन और बस सेवा पर असर पड़ रहा है। ट्रेन अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं। वहीं, सड़कों पर भी गाड़ियां रेंग रही हैं।

अन्य राज्यों के हाल

मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ में अलग-अलग स्थानों पर बादल गरजने के साथ ही बिजली गिरने की भी आशंका जताई है। IMD का कहना है कि सुबह के समय 4 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। हवा की गति धीरे-धीरे दोपहर में 6 से 8 किमी प्रति घंटे तक बढ़ जाएगी। वहीं, दिल्ली के अलावा नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद भी कोहरे की चादर में लिपटा हुआ है। इससे आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

जम्मू, कश्मीर और लद्दाख के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 0 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में 1-4 डिग्री सेल्सियस, उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई हिस्सों में 4-10 डिग्री सेल्सियस, पूर्व और पश्चिम भारत के कई हिस्सों में तापमान 10-16 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है।

ये भी पढ़ें- 'हम इंडियन स्टेट से भी लड़ रहे हैं': राहुल गांधी के बयान पर तूफान, BJP बोली- कांग्रेस का घिनौना सच उजागर

इसके अलावा, पिछले 24 घंटों के दौरान, मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 1-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। उधर, मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ इलाकों के तापमान में 1-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।