Earth Hour Day 2024: दुनिया में हर साल अर्थ आवर डे (Earth Hour Day 2024) मनाया जाता है। वर्ल्ड वाइड फंड फॉर नेचर (World Wide Fund for Nature/World Wide Fund) की तरफ से हर साल मार्च के महीने में आखिरी शनिवार को अर्थ आवर डे का आयोजन किया जाता है। इस दिन रात 8:30 से 9:30 बजे तक दुनिया भर के करोड़ों लोग अपनी स्वेच्छा से एक घंटे के लिए लाइट बंद कर देते हैं। इसका मकसद धरती को बेहतर बनाने के लिए एकजुटता का संदेश देना होता है। दुनिया में लोगों को प्रकृति और जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरुक करने के उद्देश्य से हर साल ये दिन सेलिब्रेट किया जाता है।
अर्थ आवर की शुरुआत साल 2007 में ऑस्ट्रेलिया के सिडनी शहर से हुई थी। धीरे-धीरे यह दुनिया भर में मशहूर हो गया। साल 2008 में 35 देशों ने अर्थ आवर डे में हिस्सा लिया। अब अर्थ आवर डे में 178 देश शामिल हो गए हैं।
जानिए अर्थ आवर डे मनाने की वजह
आमतौर पर अर्थ आवर डे हर साल मार्च के आखिरी शनिवार को मनाया जाता है। कई लोग कैंडल जलाकर अर्थ आवर को सेलिब्रेट करते हैं। अर्थ आवर डे मनाने के पीछे मुख्य वजह ऊर्जा की खपत को बचाना और प्रकृति की सुरक्षा के लिए जलवायु परिवर्तन और सतत विकास पर ध्यान को केंद्रित करना है। इसके साथ ही प्रकृति के नुकसान को रोकना और मानव जाति के भविष्य को बेहतर बनाना है। इसके आयोजन के माध्यम से दुनियाभर के लोगों को हर दिन प्रकृति को होने वाले नुकसान के प्रति जागरुक किया जाता है। इसके अलावा प्रकृति के नुकसान को रोकने के लिए प्रेरित किया जाता है।
अर्थ आवर अभियान को 190 से ज्यादा देशों का सहयोग मिल रहा है। अब यह दुनिया में एक बहुत बड़ा अभियान बन चुका है। दुनिया भर के करोड़ों लोग हर साल इस वैश्विक कार्यक्रम में शामिल होते हैं। अर्थ आवर डे के दिन दुनिया के कई ऐतिहासिक इमारतों की बिजली को बंद कर दी जाती है। बिजली बंद करने से कार्बन फुटप्रिंट को कम करने में मदद मिलती है। इससे ऊर्जा की भी बचत होती है।