'मैं मोदी का फैन हूं...', न्यूयॉर्क में PM मोदी से मुलाकात के बाद बोले एलॉन मस्क

मस्क ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री का उनके समर्थन के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं और उम्मीद है कि हम निकट भविष्य में साथ काम करने में सक्षम होंगे। एक अलग वीडियो बयान में मस्क ने पीएम मोदी की सराहना करते हुए कहा कि वह वास्तव में भारत की परवाह करते हैं, क्योंकि वह भारत में उल्लेखनीय निवेश करने के लिए हमसे बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं मोदी का फैन हूं

अपडेटेड Jun 21, 2023 पर 10:35 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
मस्क ने कहा कि भारत के पास दुनिया के किसी भी दूसरे बड़े देश की तुलना में ज्यादा संभावनाएं हैं

PM Modi US Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समय अमेरिका के तीन दिवसीय राजकीय दौरे पर हैं। मंगलवार रात न्यूयॉर्क पहुंचे पीएम मोदी अगले कुछ दिनों के दौरान कई कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। इस बीच टेस्ला (Tesla) और ट्विटर (Twitter) के सीईओ एलॉन मस्क (Elon Musk) ने मंगलवार को पीएम मोदी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि वह पीएम मोदी के फैन हैं और भारत में निवेश को लेकर काफी उत्साहित हैं। भारत के पास दुनिया के किसी भी दूसरे बड़े देश की तुलना में ज्यादा संभावनाएं हैं। बता दें कि मस्क टेस्ला के साथ-साथ स्पेसएक्स (SpaceX) के सीईओ और सोलरसिटी (SolarCity) के भी चेयरमैन भी हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख अमेरिकी हस्तियों से मुलाकात की, जिसमें मस्क भी शामिल हैं। पीएम से मुलाकात के बाद मस्क ने कहा कि किसी भी अन्य बड़े देश की तुलना में भारत में अधिक संभावनाएं हैं। पीएम मोदी से मुलाकात के बाद पत्रकारों ने जब सोशल मीडिया कंपनी ट्विटर के मालिक मस्क से कंपनी के पूर्व मालिक तथा सीईओ जैक डोर्सी के भारत सरकार के खिलाफ हाल ही में लगाए आरोपों के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि ट्विटर के पास स्थानीय सरकार की बात मानने के अलावा कोई अन्य विकल्प नहीं है अन्यथा वह बंद हो जाएगा।

उन्होंने कहा कि हम केवल किसी भी देश में कानूनों का पालन कर सकते हैं। हम इससे अधिक और कुछ नहीं कर सकते। मस्क ने कहा कि अलग-अलग सरकारों के अलग-अलग नियम और कानून हैं। उन्होंने कहा कि कानून के तहत जो संभव होगा हम उसके अनुसार अभिव्यक्ति की आजादी प्रदान करने की पूरी कोशिश करेंगे। यह पूछे जाने पर कि क्या टेस्ला (इलेक्ट्रिक कार बनाने वाली कंपनी) भारतीय बाजार में प्रवेश करेगी, इस पर मस्क ने कहा कि वह अगले साल देश की यात्रा की योजना बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि टेस्ला भारत में होगी।


'मैं मोदी का फैन हूं'

मस्क ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री का उनके समर्थन के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं और उम्मीद है कि हम निकट भविष्य में साथ काम करने में सक्षम होंगे। एक अलग वीडियो बयान में मस्क ने पीएम मोदी की सराहना करते हुए कहा कि वह वास्तव में भारत की परवाह करते हैं, क्योंकि वह भारत में उल्लेखनीय निवेश करने के लिए हमसे बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं मोदी का फैन हूं।

मस्क ने प्रधानमंत्री के साथ अपनी बातचीत को बेहतरीन बताते हुए कहा कि भारत सौर ऊर्जा निवेश के मामले में बेहतरीन काम कर रहा है। मस्क के साथ मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया कि आज आपसे मिलकर बहुत अच्छा लगा एलॉन मस्क। हमने ऊर्जा से लेकर आध्यात्मिकता तक के कई मुद्दों पर व्यापक बातचीत की। इस पर मस्क ने जवाब दिया कि आपसे एक बार फिर मिलना मेरे लिए सम्मान की बात है।

ये भी पढ़ें- Elon Musk की PM Modi से मुलाकात, भारत में Tesla की एंट्री को लेकर हुई बातचीत

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।